सुपौल। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के दिशा-निर्देशानुसार भूकंप पर आधारित मॉक एक्सरसाइज का सफल आयोजन जिला प्रशासन सुपौल द्वारा किया गया। इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य आपदा की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली, विभागीय समन्वय तथा उपलब्ध संसाधनों की तैयारियों का परीक्षण करना था।
मॉक एक्सरसाइज हेतु जिले में कुल 05 स्थलों का चयन किया गया, जिनमें मार्केट एरिया स्थित V-Mart मॉल, रेजिडेंशियल एरिया – ऑफिसर्स कॉलोनी, सदर अस्पताल सुपौल, इंजीनियरिंग कॉलेज सुपौल, समाहरणालय परिसर स्थित जिला परिवहन कार्यालय सुपौल शामिल था। सभी चयनित स्थलों पर नोडल पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई थी, जिन्होंने निर्धारित परिदृश्य के अनुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की। प्रत्येक स्थल पर खोज-बचाव एवं राहत कार्य हेतु टीमों की प्रभावी तैनाती की गई।
बचाव कार्यों में National Disaster Response Force, सशस्त्र सीमा बल (SSB), आपदा मित्र, Indian Red Cross Society तथा Bharat Scouts and Guides की सक्रिय एवं सराहनीय भागीदारी रही। स्टेजिंग एरिया के रूप में आईटीआई परिसर का चयन किया गया, जहाँ से संसाधनों एवं टीमों की तैनाती का समन्वय किया गया। राहत केंद्र हेतु गांधी मैदान को चिन्हित किया गया, ताकि आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित व्यक्तियों को अस्थायी आश्रय, भोजन एवं अन्य आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा सकें।
इंजीनियरिंग विभाग एवं विद्युत विभाग का विशेष योगदान रहा। संभावित संरचनात्मक क्षति के आकलन, विद्युत आपूर्ति नियंत्रण तथा तकनीकी सहयोग में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रही। मॉक एक्सरसाइज का प्रभावी क्रियान्वयन मुख्य कमांड ऑफिसर मो तारिक अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर मुकेश कुमार प्रभारी पदाधिकारी (आपदा प्रबंधन) सह वरीय उप समाहर्ता, चन्द्रभूषण कुमार सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी की सक्रिय भूमिका सराहनीय रही।
जिला आपातकालीन संचालन केंद्र के प्रोग्रामर शैलेन्द्र कुमार एवं उनकी तकनीकी टीम द्वारा सभी सूचनाओं का समय पर आदान-प्रदान सुनिश्चित किया गया, जिससे कार्यक्रम के सफल संचालन में महत्वपूर्ण सहयोग प्राप्त हुआ। सभी पदाधिकारियों, बचाव दलों एवं तकनीकी टीम के समन्वित प्रयासों से भूकंप मॉक एक्सरसाइज सफलतापूर्वक संपन्न हुई। समग्र रूप से यह अभ्यास जिला प्रशासन की आपदा प्रबंधन संबंधी तैयारियों, समन्वय क्षमता एवं त्वरित प्रतिक्रिया की प्रभावशीलता को प्रदर्शित करता है।

कोई टिप्पणी नहीं