सुपौल। युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग बिहार सरकार के तत्वावधान में निदेशालय नियोजन एवं प्रशिक्षण (नियोजन) पटना द्वारा ‘नियोजन सेवा का विस्तार’ योजना के अंतर्गत योग्य अभ्यर्थियों को टूल किट प्रदान की जाएगी। इस योजना का उद्देश्य प्रशिक्षित युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करना है।
योजना के तहत इलेक्ट्रिशियन, ब्यूटीशियन, प्लंबर, फिटर, मोबाइल रिपेयरिंग, इलेक्ट्रॉनिक रिपेयर, होम अप्लायंसेज रिपेयर, सिलाई मशीन ऑपरेटिंग आदि ट्रेड के अभ्यर्थियों को टूल किट दी जाएगी। दिव्यांगजन, ट्रांसजेंडर, अनुसूचित जाति/जनजाति, आर्थिक रूप से पिछड़े वर्ग, पिछड़ा एवं अत्यंत पिछड़ा वर्ग तथा महिला अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी।
पात्रता शर्तों में अभ्यर्थी की आयु 18 से 40 वर्ष के बीच हो। संबंधित ट्रेड में न्यूनतम तीन माह का प्रशिक्षण (प्रमाण पत्र सहित) मान्यता प्राप्त संस्थान से प्राप्त हो। RSETI, जन शिक्षण संस्थान, PMKVY, DDU-GKY आदि से प्रशिक्षण प्राप्त या RPL के तहत प्रमाणित अभ्यर्थी भी पात्र होंगे। वार्षिक पारिवारिक आय अधिकतम 3 लाख रुपये हो। अभ्यर्थी बिहार राज्य का निवासी हो तथा NCS पोर्टल पर पूर्व से निबंधित हो शामिल है।
इच्छुक अभ्यर्थी 18 फरवरी 2026 से 23 फरवरी 2026 (सायं 4:00 बजे तक) अपने संबंधित प्रमाण पत्रों की स्वप्रमाणित छायाप्रति के साथ जिला नियोजनालय, सुपौल (संयुक्त श्रम भवन, निकट राजकीय आईटीआई, सुपौल) में आवेदन जमा कर सकते हैं।
चयन प्रक्रिया निर्धारित मानकों के अनुसार तीन सदस्यीय समिति द्वारा की जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि एक अभ्यर्थी को केवल एक ही योजना का लाभ मिलेगा तथा पूर्व में स्टडी किट/टूल किट प्राप्त कर चुके अभ्यर्थी इस योजना के पात्र नहीं होंगे।
विभाग ने कहा है कि योजना का उद्देश्य प्रशिक्षित युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ना और उनकी आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ बनाना है। इच्छुक युवा समय सीमा के भीतर आवेदन कर योजना का लाभ उठाएं।

कोई टिप्पणी नहीं