Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Classic Header

{fbt_classic_header}

Breaking News

latest

मानदेय बढ़ोतरी व सेवा स्थायीकरण की मांग को लेकर ग्राम रक्षा दल सह पुलिस मित्रों ने दिया धरना

 


सुपौल। मानदेय में बढ़ोतरी, सेवा के स्थायीकरण एवं नियुक्ति में प्राथमिकता देने की मांग को लेकर ग्राम रक्षा दल सह पुलिस मित्रों ने मंगलवार को सुपौल जिला मुख्यालय स्थित डिग्री कॉलेज चौक पर एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। धरना-प्रदर्शन का नेतृत्व जिला अध्यक्ष बजरंग कुमार ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्राम रक्षा दल सह पुलिस मित्र धरना स्थल पर मौजूद रहे और अपनी मांगों के समर्थन में जोरदार नारेबाजी की।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वे वर्षों से पुलिस प्रशासन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कानून-व्यवस्था बनाए रखने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। त्योहारों, चुनाव, आपदा एवं अन्य संवेदनशील परिस्थितियों में भी वे पूरी निष्ठा से अपनी सेवाएं देते आ रहे हैं, बावजूद इसके उन्हें न तो समुचित मानदेय दिया जा रहा है और न ही उनकी सेवा को लेकर कोई स्थायी व्यवस्था की गई है।

धरना के दौरान प्रमुख रूप से मानदेय में वृद्धि, सेवा को स्थायी किए जाने तथा चौकीदार एवं अन्य संबंधित नियुक्तियों में ग्राम रक्षा दल सह पुलिस मित्रों को प्राथमिकता देने की मांग उठाई गई। धरना-प्रदर्शन के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई थी। प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा, जिससे यातायात व्यवस्था पर कोई विशेष प्रभाव नहीं पड़ा।

धरना को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष बजरंग कुमार ने कहा कि फिलहाल यह एकदिवसीय शांतिपूर्ण धरना है। धरना के उपरांत सभी मांगों से संबंधित एक मांग-पत्र जिला अधिकारी के माध्यम से बिहार के मुख्यमंत्री को भेजा जाएगा। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि सरकार एवं प्रशासन की ओर से जल्द कोई सकारात्मक पहल नहीं की गई, तो ग्राम रक्षा दल सह पुलिस मित्र सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करने को मजबूर होंगे।


 

कोई टिप्पणी नहीं