सुपौल। बसंतपुर प्रखंड अंतर्गत भगवानपुर पंचायत सरकार भवन परिसर में बुधवार को एसएसबी 45वीं वाहिनी, वीरपुर द्वारा मानव संसाधन विकास कार्यक्रम के तहत “प्री-रिक्रूटमेंट ट्रेनिंग फॉर सिलेक्शन इन फोर्स” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को सरकारी सेवाओं, विशेषकर सुरक्षा बलों में भर्ती प्रक्रिया की जानकारी देना तथा प्रारंभिक तैयारी के लिए प्रेरित करना था। प्रशिक्षण सत्र के दौरान एसएसबी अधिकारियों ने छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से जुड़े महत्वपूर्ण टिप्स दिए और नियमित अध्ययन, अनुशासन एवं आत्मविश्वास के महत्व पर जोर दिया।
अधिकारियों ने लिखित परीक्षा, शारीरिक दक्षता परीक्षा एवं साक्षात्कार की प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी। साथ ही समय प्रबंधन, पाठ्यक्रम की सही समझ और मानसिक मजबूती बनाए रखने की सलाह भी दी गई। कार्यक्रम के अंत में प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिसमें छात्रों ने अपनी जिज्ञासाएं रखीं। इस पहल से युवाओं में नई ऊर्जा और जागरूकता का संचार हुआ। इस अवसर पर भगवानपुर पंचायत के मुखिया चंदन राम, शिक्षक उदय कुमार पंचम, दिनेश दिनकर समेत अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं