सुपौल। सरायगढ़-भपटियाही प्रखंड मुख्यालय सभागार में चांदपीपर पंचायत पैक्स चुनाव की मतगणना कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुक्रवार देर रात संपन्न हो गई। मतगणना कार्य अनुमंडल पदाधिकारी मनोहर कुमार साहू एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी अच्युतानंद की देखरेख में शांतिपूर्ण ढंग से कराया गया।
मतगणना परिणाम के अनुसार पैक्स अध्यक्ष पद से पुष्पा कुमारी ने दूसरी बार जीत दर्ज की। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवार निरो कुमारी को 32 मतों से पराजित किया। पुष्पा कुमारी को कुल 629 मत, जबकि निरो कुमारी को 597 मत प्राप्त हुए।
वहीं पैक्स प्रबंध कार्यकारिणी सदस्य पद पर सामान्य वर्ग से गीता देवी, सुनीता कुमारी, दुखरन मंडल, गगन यादव एवं बलदेव मंडल विजयी घोषित किए गए। अति पिछड़ा वर्ग से जगदीश मंडल एवं दुलारी देवी, अनुसूचित जाति वर्ग से मंजू देवी एवं गणेश राम विजयी हुए। जबकि पिछड़ा वर्ग से इंद्रदेव यादव एवं द्रोपती देवी निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए।
पैक्स चुनाव संपन्न होने के बाद बीडीओ अच्युतानंद द्वारा अध्यक्ष पद की विजेता पुष्पा कुमारी सहित सभी 11 प्रबंध कार्यकारिणी सदस्यों को जीत का प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। इसके उपरांत समर्थकों ने पुष्पा कुमारी को फूल-माला पहनाकर एवं अबीर-गुलाल लगाकर जीत का जश्न मनाया।
मतगणना केंद्र पर बीडीओ अच्युतानंद, बीसीओ शिव शंकर पंडित, प्रखंड कृषि पदाधिकारी कृष्ण कुमार सुधांशु, भपटियाही थाना अध्यक्ष प्रजेश कुमार दुबे, नित्यानंद भार्गव सहित अन्य पुलिस बल एवं प्रखंड कर्मी मौजूद थे।

कोई टिप्पणी नहीं