सुपौल। जिलाधिकारी सावन कुमार की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग के अंतर्गत बीएसईआईडीसी (BSEIDC) सुपौल द्वारा सीएसआर मद से कराए जाने वाले असैनिक निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में प्रखंड सुपौल एवं मरौना के सभी विद्यालयों में सीएसआर मद से प्रस्तावित निर्माण कार्यों—एसीआर (कक्षा कक्ष), शौचालय, रसोईघर एवं बाउंड्रीवाल—के प्राक्कलन की समीक्षा की गई। इस क्रम में जिलाधिकारी ने कार्यपालक अभियंता, बीएसईआईडीसी सुपौल को निर्देश दिया कि सभी विद्यालयों के लिए तैयार प्राक्कलन दिनांक 10 फरवरी 2026 तक अनिवार्य रूप से जमा किया जाए।
जिलाधिकारी ने बैठक में उपस्थित जिला शिक्षा पदाधिकारी, सुपौल एवं जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (सर्व शिक्षा अभियान) सुपौल को निर्देश दिया कि निर्माण कार्यों के सुचारू क्रियान्वयन हेतु बीएसईआईडीसी को आवश्यक सहयोग प्रदान करें, ताकि कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण किया जा सके।
बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी सुपौल, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी सर्व शिक्षा अभियान सुपौल, कार्यपालक अभियंता बीएसईआईडीसी सुपौल, सहायक अभियंता बीएसईआईडीसी सुपौल सहित संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

कोई टिप्पणी नहीं