सुपौल। राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत विशनपुर दौलत पंचायत के दौलतपुर आनंद चौक मार्ग पर सोमवार की देर संध्या बाइक और सीटी रिक्शा के बीच हुई भीषण टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए।
स्थानीय लोगों के अनुसार आनंद चौक के समीप बाइक तेज रफ्तार में थी। इसी दौरान सामने से आ रही सीटी रिक्शा से बाइक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में एक युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरा युवक गंभीर अवस्था में सड़क पर पड़ा तड़पता रहा।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तत्काल रेफरल अस्पताल राघोपुर पहुंचाया गया। वहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. विपिन तिवारी ने बताया कि घायल युवक के दाहिने पैर में फ्रैक्चर है तथा शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उसे सदर अस्पताल सुपौल रेफर कर दिया गया।
मृतक की पहचान बौरहा वार्ड संख्या 14 निवासी उमेश राम के 30 वर्षीय पुत्र राजेश राम के रूप में की गई है, जबकि घायल युवक दिनेश राम के 31 वर्षीय पुत्र प्रदीप राम बताया गया है। मृतक के पिता उमेश राम ने बताया कि राजेश परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य था। उसके छह छोटे बच्चे हैं, जिनमें पांच बेटियां और एक बेटा शामिल है। सबसे बड़ी बेटी अंजलि कुमारी (10 वर्ष) तथा सबसे छोटी बेटी लक्ष्मी कुमारी (6 माह) है। घटना के बाद पत्नी सुनीता देवी सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अमित कुमार राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु सदर अस्पताल सुपौल भेज दिया तथा दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि आवेदन प्राप्त होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

कोई टिप्पणी नहीं