सुपौल। त्रिवेणीगंज नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 26 स्थित हेमंतगंज गांव में निर्माणाधीन डिग्री कॉलेज का शनिवार को क्षेत्रीय विधायक सोनम रानी ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कॉलेज परिसर का भ्रमण कर भवन निर्माण कार्य की प्रगति एवं उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के क्रम में विधायक सोनम रानी ने निर्माण कार्य में लगे संवेदक को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि फरवरी माह तक हर हाल में कॉलेज भवन का निर्माण कार्य पूर्ण किया जाए, ताकि आगामी शैक्षणिक सत्र से कॉलेज में विधिवत पढ़ाई शुरू की जा सके। उन्होंने कहा कि डिग्री कॉलेज के संचालन से क्षेत्र के छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा और यही इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
विधायक ने कॉलेज में बिजली, पानी, शौचालय, कक्षाओं की संख्या सहित अन्य आवश्यक संसाधनों की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को सभी मूलभूत सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा क्षेत्र का विकास उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है तथा सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में भी बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर जिला बीस सूत्री सदस्य शिकंदर सरदार, बीस सूत्री प्रखंड अध्यक्ष कमाल खां, दीपक कामत, मंसूर आलम, एनामुल हसन, अशोक मेहता, पवन मेहता, बरमानंद दीक्षित सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।

कोई टिप्पणी नहीं