सुपौल। त्रिवेणीगंज नगर परिषद क्षेत्र के मुख्य बाजार में आए दिन लगने वाले भीषण जाम से त्रस्त स्थानीय व्यापारी अब एकजुट होकर प्रशासन के समक्ष अपनी आवाज बुलंद करने लगे हैं। जाम की गंभीर समस्या से निजात की मांग को लेकर मंगलवार को व्यापार संघ अध्यक्ष भूवनेश्वरी साह की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय व्यापारी शिष्टमंडल ने अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) अभिषेक कुमार से मुलाकात कर उन्हें एक ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से व्यापारियों ने बाजार क्षेत्र में लगातार उत्पन्न हो रही यातायात अव्यवस्था की ओर प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया। इस संबंध में जानकारी देते हुए व्यापार संघ अध्यक्ष भूवनेश्वरी साह ने बताया कि मुख्य बाजार में जाम की समस्या अब रोजमर्रा की बात हो गई है। इससे न केवल व्यापार प्रभावित हो रहा है, बल्कि आम लोग, महिलाएं, बुजुर्ग एवं स्कूली बच्चों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि मुख्य बाजार क्षेत्र, विशेषकर शनिचर हाट, युगल चौक से मेला ग्राउंड जाने वाली सड़क पर दोनों ओर दुकानदारों द्वारा अतिक्रमण कर सड़क पर दुकानें लगाए जाने से आवागमन पूरी तरह बाधित रहता है। इसके अलावा शहर में मोटरसाइकिल, ई-रिक्शा, ऑटो एवं चारपहिया वाहनों का अव्यवस्थित ढंग से सड़क पर खड़ा रहना भी जाम की प्रमुख वजह बन चुका है। पीक आवर्स में हालात और भी भयावह हो जाते हैं, जहां थोड़ी दूरी तय करने में भी लोगों को काफी समय लग जाता है।
व्यापारियों ने कहा कि अनुमंडल प्रशासन द्वारा पूर्व में कई बार समस्या के समाधान के लिए प्रयास किए गए, लेकिन अब तक इसका कोई स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है। जाम की समस्या के कारण बाजार की साख पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है और ग्राहक बाजार आने से कतराने लगे हैं।
शिष्टमंडल ने जनहित को ध्यान में रखते हुए एसडीएम से मांग की कि बाजार क्षेत्र से अतिक्रमण हटाने, वाहनों के लिए निर्धारित पार्किंग स्थल चिह्नित करने तथा यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए ठोस और स्थायी कार्रवाई की जाए। ज्ञापन प्राप्त करने के बाद एसडीएम अभिषेक कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर परिषद को आवश्यक कार्रवाई के लिए पत्र भेजा है तथा समस्या के शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। पांच सदस्यीय व्यापारी शिष्टमंडल में व्यापार संघ अध्यक्ष भूवनेश्वरी साह के अलावा व्यापारी फेकू यादव, भूपेंद्र यादव, उमा गुप्ता एवं भाजपा मंडल अध्यक्ष शंभू प्रसाद गुप्ता शामिल थे।

कोई टिप्पणी नहीं