सुपौल। प्रतापगंज प्रखंड अंतर्गत सुरजापुर पंचायत के परसा बीरबल गांव में सोमवार को आरएसएस के तत्वावधान में सनातन हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। यह सम्मेलन आरएसएस द्वारा देशभर में आयोजित किए जा रहे हिंदू सम्मेलनों की कड़ी में प्रखंड स्तर का पहला कार्यक्रम था, जिसमें बड़ी संख्या में महिला-पुरुष एवं गणमान्य लोगों ने भाग लिया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए विश्व कबीर विचार मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष संत मोहन साहेब ने कहा कि सनातन धर्म अनादि काल से सत्य रहा है। देश के इतिहास पर दृष्टि डालने से स्पष्ट होता है कि भारत को सींचने और उसे सुंदर बनाने में संत-महात्माओं का अमूल्य योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि भारत सदियों से एक पवित्र भूमि के रूप में जाना जाता है, जहां राम, बुद्ध, कबीर जैसे सैकड़ों महापुरुषों ने जन्म लिया।
संत मोहन साहेब ने कहा कि मनुष्य का जीवन स्वयं सनातन का प्रतीक है और सनातन धर्म को समझने के लिए शरीर और जीवन के मर्म को समझना आवश्यक है। उन्होंने 17वीं सदी के शासनकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि उस दौर में लोग भय के कारण दीपक तक जलाने का साहस नहीं करते थे। ऐसे समय में संत कबीर ने वाराणसी आकर लोगों को सनातन का ज्ञान दिया। उन्होंने कहा कि जब तक राम को नहीं जाना जाएगा, तब तक सनातन को सही रूप में समझा नहीं जा सकता।
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जिस प्रकार नदी पार करने के लिए नाव और खेवनहार की आवश्यकता होती है, उसी प्रकार जीवन में सनातन को समझने के लिए गुरु का मार्गदर्शन जरूरी है। सम्मेलन का उद्देश्य समाज में सुख, शांति और समृद्धि के लिए लोगों को जागरूक करना है। उन्होंने चिंता व्यक्त की कि यदि आने वाली पीढ़ी सनातन संस्कृति से विमुख हुई तो भविष्य गंभीर चुनौतियों से घिर सकता है। आज का युवा पश्चिमी संस्कृति की ओर अधिक आकर्षित हो रहा है, जो चिंतन का विषय है।
सम्मेलन में महंत हरी साहब ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम की अध्यक्षता नरेश चंद्र ठाकुर ने की। इससे पूर्व आगंतुक संतों का स्वागत आरएसएस के जिला संघ चालक लक्ष्मी नारायण ढडिया, जिला प्रचारक राहुल कुमार देव, नंद किशोर कुसियैत, रमेन कुमार मंडल, मुनचून पासवान, लालू प्रसाद लाल, पंचायत मुखिया महानंद पासवान, भाजपा मंडल अध्यक्ष संतोष कुमार भिंडवार, संत लाल मंडल एवं राहुल कुमार गोईत द्वारा किया गया।
इस अवसर पर जिला संघ चालक लक्ष्मी नारायण ढडिया ने बताया कि प्रखंड की सभी पंचायतों में तिथि अनुसार हिंदू सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। आगामी 5 फरवरी को श्रीपुर पंचायत में सम्मेलन का आयोजन प्रस्तावित है। कार्यक्रम का संचालन बजरंग दल के प्रमंडलीय संयोजक मुकेश यादव ने किया।

कोई टिप्पणी नहीं