सुपौल। सरायगढ़-भपटियाही प्रखंड क्षेत्र के पिपराखुर्द पंचायत अंतर्गत नारायणपुर गांव के वार्ड संख्या 08 में मंगलवार की देर रात अलाव से लगी आग में एक फूस का आवासीय घर जलकर पूरी तरह राख हो गया। इस अगलगी की घटना में घर में बंधे दो पशुओं की भी जलकर मौत हो गई, जबकि घर में रखे अनाज, कपड़े, बर्तन सहित अन्य घरेलू सामान नष्ट हो गए। आग से हुए नुकसान का अनुमान एक लाख रुपये से अधिक बताया जा रहा है।
पीड़िता सीता देवी ने बताया कि वह रात में खाना खाने के बाद घर में सो रही थीं। देर रात अचानक अलाव से उठी चिंगारी के कारण घर में आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते पूरा फूस का घर जलकर राख हो गया। किसी तरह जान बचाकर वह घर से बाहर निकलने में सफल रहीं, लेकिन घर में बंधे दोनों पशु आग की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
गौरतलब है कि सीता देवी के पति श्रीलाल दास का वर्षों पहले निधन हो चुका है और वह परिवार में अकेली हैं। वह एनएच-27 किनारे एक मंदिर परिसर के पास फूस के घर में रहकर जीवन यापन कर रही थीं। घटना के बाद हल्ला सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक घर और सारा सामान जलकर राख हो चुका था।
अगलगी की सूचना मिलने पर स्थानीय भाजपा नेता विजय कुमार सिंह तथा जन अधिकार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उपेंद्र सिंह कुशवाहा मौके पर पहुंचे और पीड़िता को तत्काल सहायता के रूप में 1500 रुपये नकद प्रदान किए।
सूचना पर भपटियाही थाना पुलिस एवं अंचल प्रशासन भी मौके पर पहुंचा। बीडीओ अच्युतानंद, राजस्व अधिकारी राकेश रंजन एवं कर्मचारी नवीन ठाकुर द्वारा पीड़िता को तत्काल राहत के तौर पर पॉलीथिन शीट और सूखा राशन उपलब्ध कराया गया। अंचल अधिकारी ने बताया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर पीड़िता को सरकारी मुआवजा प्रदान किया जाएगा। वहीं पशु चिकित्सक द्वारा मृत पशुओं की रिपोर्ट तैयार कर मुआवजा प्रक्रिया शुरू की जा रही है।

कोई टिप्पणी नहीं