सुपौल। समाहरणालय स्थित लहटन चौधरी सभागार में राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) नई दिल्ली द्वारा 26 फरवरी 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रव्यापी भूकंप मॉक एक्सरसाइज के सफल संचालन को लेकर टेबल टॉप एक्सरसाइज का आयोजन किया गया। इस दौरान आपदा प्रबंधन विभाग के साथ राज्य के सभी जिलों के पदाधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे।
बैठक की अध्यक्षता अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) मो तारिक ने की। बैठक में जिला स्तर के सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे और उन्होंने अपने-अपने विभाग की तैयारियों, उपलब्ध संसाधनों एवं कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी साझा की।
NDMA नई दिल्ली के अधिकारियों ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि यह मॉक ड्रिल केवल औपचारिक अभ्यास नहीं है, बल्कि आपदा से बचाव, तत्परता, आपसी समन्वय एवं त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय बनाए रखने, त्वरित सूचना आदान-प्रदान सुनिश्चित करने तथा आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 26 फरवरी 2026 को होने वाली भूकंप मॉक एक्सरसाइज को पूरी तरह वास्तविक परिदृश्य के अनुरूप क्रियान्वित किया जाएगा, ताकि संभावित भूकंप आपदा की स्थिति में जिला प्रशासन त्वरित, समन्वित एवं प्रभावी कार्रवाई कर सके।
अधिकारियों ने बताया कि जिला प्रशासन सुपौल आपदा प्रबंधन को लेकर पूर्णतः सजग एवं प्रतिबद्ध है तथा सभी संबंधित विभागों के सहयोग से इस मॉक एक्सरसाइज को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए पूरी तरह तैयार है।
बैठक में मुकेश कुमार प्रभारी पदाधिकारी (आपदा प्रबंधन), चंद्रभूषण कुमार सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी; चिकित्सा पदाधिकारी उप कमांडेंट एसएसबी; उप कमांडेंट एनडीआरएफ; जिला पंचायत राज पदाधिकारी; अग्निशामक प्रभारी; इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी के प्रतिनिधि सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

कोई टिप्पणी नहीं