सुपौल। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कर-कमलों द्वारा मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के अंतर्गत राज्य की 25 लाख महिला लाभुकों को ₹10,000 प्रति लाभुक की दर से कुल ₹2500 करोड़ की राशि का अंतरण 16 फरवरी 2026 को पटना से किया गया। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम का सीधा प्रसारण सुपौल जिला समाहरणालय स्थित लहटन चौधरी सभागार में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम के माध्यम से किया गया।
कार्यक्रम के दौरान जानकारी दी गई कि मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना राज्य सरकार की एक अभूतपूर्व, समावेशी एवं दूरदर्शी पहल है, जिसका मुख्य उद्देश्य राज्य के प्रत्येक परिवार की एक महिला को रोजगार अथवा स्वरोजगार प्रारंभ करने हेतु आर्थिक सहायता प्रदान कर आत्मनिर्भर बनाना है। योजना के अंतर्गत सभी समुदायों एवं वर्गों की महिलाएं अपनी पसंद का रोजगार शुरू करने के लिए प्रारंभिक रूप से ₹10,000 की सहायता प्राप्त कर रही हैं। इसके साथ ही व्यवसाय की प्रगति एवं आकलन के आधार पर ₹2 लाख तक की अतिरिक्त वित्तीय सहायता का भी प्रावधान किया गया है।
यह योजना सामुदायिक सहकारिता आधारित है, जिसके तहत समूह से वंचित परिवारों की महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ा जा रहा है। रोजगार चयन, प्रशिक्षण, उत्पादन एवं विपणन के प्रत्येक चरण में स्थानीय समूहों और संस्थाओं की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है। महिलाओं द्वारा उत्पादित वस्तुओं की बिक्री को बढ़ावा देने हेतु गांव से लेकर शहरों तक हाट-बाजार एवं विपणन नेटवर्क विकसित करने की भी योजना है।
जिला सुपौल में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान कुल 1,54,653 जीविका दीदियों को ₹154 करोड़ 65 लाख 30 हजार की राशि का अंतरण किया गया। वहीं अब तक जिले में 5 लाख से अधिक परिवारों को ₹10,000 प्रति लाभुक की दर से ₹500 करोड़ से अधिक की राशि का सफलतापूर्वक अंतरण किया जा चुका है।
इस अवसर पर श्री सावन कुमार, भा०प्र०से०, जिला पदाधिकारी, सुपौल एवं सुश्री सारा अशरफ, उप विकास आयुक्त, सुपौल ने योजना से लाभान्वित सभी महिलाओं को बधाई देते हुए उन्हें स्वावलंबन, उद्यमिता एवं आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में निरंतर आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह योजना महिलाओं को सम्मानजनक आजीविका से जोड़ने के साथ-साथ जिले एवं राज्य के समग्र आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
कार्यक्रम में जिला परियोजना प्रबंधक दीपक कुमार यादव, जिला संचार प्रबंधक विवेक महाजन, श्री आज़ाद कुमार, श्री अमित पाण्डेय, प्रखंड परियोजना प्रबंधक मो. मिर्जा आज़ाद बैग, श्री अशोक कुमार सहित बड़ी संख्या में जीविका दीदियाँ उपस्थित रहीं।
जिला मुख्यालय सहित जिले के सभी 11 प्रखंडों, 42 संकुल स्तरीय संघों एवं 2148 ग्राम संगठनों में इस कार्यक्रम का जीवंत प्रसारण किया गया। वेबकास्ट के माध्यम से जिले की लाखों जीविका दीदियों ने कार्यक्रम को देखा और सुना, जिससे पूरे जिले में उत्साह और सकारात्मक माहौल का निर्माण हुआ।

कोई टिप्पणी नहीं