सुपौल। व्यवहार न्यायालय सुपौल में आगामी 14 मार्च 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन को लेकर शनिवार को न्यायालय परिसर से जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह कार्यक्रम जिला विधिक सेवा प्राधिकार, सुपौल के सौजन्य से आयोजित किया गया।
इस अवसर पर व्यवहार न्यायालय सुपौल के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनंत सिंह, प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय राहुल उपाध्याय तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव अफजल आलम सहित अन्य न्यायिक पदाधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रथम दिलीप सिंह, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश विनय शंकर, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी रामचंद्र प्रसाद सहित अन्य न्यायिक पदाधिकारी एवं न्यायालय कर्मी भी उपस्थित थे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनंत सिंह ने कहा कि आगामी 14 मार्च 2026 को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि जो भी पक्षकार अपने सुलहनीय मामलों का त्वरित निपटारा चाहते हैं, वे अधिक से अधिक संख्या में लोक अदालत में भाग लें। उन्होंने बताया कि लोक अदालत में बैंक लोन से जुड़े चेक बाउंस मामले, बिजली से संबंधित विवाद, आपराधिक सुलहनीय मामले, वैवाहिक (मेट्रिमोनियल) विवाद सहित अन्य सुलहनीय मामलों के निपटारे के लिए अलग-अलग बेंच का गठन किया जाएगा।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव अफजल आलम ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए अब तक 3300 से अधिक मामलों को चिह्नित किया गया है, जबकि बैंक लोन से संबंधित 13,660 मामलों में नोटिस जारी किया गया है। उन्होंने कहा कि लोक अदालत के माध्यम से पक्षकार आपसी समझौते से अपने मामलों का सरल और शीघ्र निपटारा करा सकते हैं।

कोई टिप्पणी नहीं