सुपौल। हिन्दू नव वर्ष एवं चैती नवरात्र के अवसर पर बसंतपुर प्रखंड के भगवानपुर पंचायत अंतर्गत शिवनगर-समदा गढ़ स्थित चैती दुर्गा मंदिर में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। यहां 201 कन्याओं द्वारा भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में कुंवारी कन्याओं एवं महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
शोभायात्रा मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर पूर्वी कोसी तटबंध के समीप कोसी नदी तक पहुंची, जहां वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच कलश में पवित्र जल भरा गया। इसके बाद कलश को मंदिर लाकर विधि-विधान के साथ स्थापित किया गया और मां शैलपुत्री की पूजा-अर्चना के साथ नवरात्र पूजा का शुभारंभ हुआ।
पूजा समिति के सदस्यों ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी मां दुर्गा के नौ रूपों की विधिपूर्वक पूजा की जाएगी, लेकिन इस बार श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। पूरे आयोजन को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए समिति के सदस्य सक्रिय रूप से लगे हुए हैं।
पंडित नीरज झा एवं मनीष झा ने बताया कि नवरात्रि के दौरान मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा से भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। कई श्रद्धालु नौ दिनों तक उपवास रखकर साधना करते हैं। नवमी के दिन नौ कन्याओं को मां दुर्गा के रूप में पूजकर उन्हें भोजन कराया जाता है। उन्होंने यह भी बताया कि नवरात्रि में मंत्र जाप, ध्यान और दीप प्रज्वलन से घर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और शांति बनी रहती है।
इस अवसर पर श्यामदेव यादव, पूनम पोद्दार, लालू यादव, अनिल कुमार यादव, पवन कुमार यादव, अरुण यादव, अनिल पौद्दार, दिनेश दिनकर, ब्रजेश कुमार यादव, उपेंद्र यादव सहित कई श्रद्धालु उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं