सुपौल। बिहार प्रदेश युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव सह जन संघर्ष समिति के अध्यक्ष लक्ष्मण कुमार झा के नेतृत्व में बुधवार को गढ़ बरूआरी रेलवे स्टेशन परिसर में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने केंद्र सरकार और रेल मंत्री के खिलाफ जमकर विरोध जताया।
धरना को संबोधित करते हुए लक्ष्मण कुमार झा ने केंद्र सरकार पर सुपौल जिले के साथ उपेक्षापूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यह सरकार गरीब विरोधी है और क्षेत्र के लोगों की समस्याओं की लगातार अनदेखी कर रही है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
धरना के माध्यम से उन्होंने रेल अधीक्षक को रेल मंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपा। साथ ही चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो वे रेल महाप्रबंधक से मुलाकात करेंगे और जरूरत पड़ने पर रेल चक्का जाम जैसे आंदोलन के लिए भी बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी रेल विभाग और केंद्र सरकार की होगी।
मुख्य मांगों में रेलवे जमीन पर बसे गरीब परिवारों को दिए गए खाली करने के नोटिस पर रोक लगाई जाए। गढ़ बरूआरी रेलवे स्टेशन पर वैशाली एक्सप्रेस का ठहराव पुनः बहाल किया जाए। स्टेशन पर ओवरब्रिज का निर्माण कराया जाए। गढ़ बरूआरी एवं सुपौल के पुराने माल गोदाम को पुनः चालू किया जाए। पटना से सहरसा होते हुए सुपौल और ललित ग्राम तक रात्रिकालीन ट्रेन चलाई जाए। हाट बाजार ट्रेन को सहरसा के बजाय सुपौल/सरायगढ़/ललित ग्राम से संचालित किया जाए।
धरना-प्रदर्शन में मुन्नीलाल सिंह, मनोज मंडल, गांधी कुमार, मिट्ठू कुमार, रवि पासवान, अमरेश कुमार, माला देवी, रानी देवी, पूनम देवी, सुनीता देवी, ऋण देवी, गुड़िया देवी, ललन कुमार झा, अशोक कुमार सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कोई टिप्पणी नहीं