Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Classic Header

{fbt_classic_header}

Breaking News

latest

सुपौल जिले में गैस आपूर्ति सामान्य, कालाबाजारी पर प्रशासन सख्त—कई जगह छापेमारी


सुपौल। जिले में घरेलू एलपीजी गैस की आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने तथा कालाबाजारी और जमाखोरी पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, थाना अध्यक्ष एवं संबंधित अधिकारी लगातार गैस उठाव और वितरण की निगरानी कर रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले की कुल 51 गैस एजेंसियों में से 50 पर फिलहाल गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं, जबकि शेष एक एजेंसी पर भी जल्द आपूर्ति होने की संभावना है। वर्तमान में एजेंसियों के पास करीब 11,092 गैस सिलेंडरों का भंडार मौजूद है। बीते 24 मार्च को लगभग 3,666 उपभोक्ताओं को गैस की आपूर्ति की गई, जबकि अभी 17,757 उपभोक्ताओं की बुकिंग लंबित है। सभी एजेंसियों द्वारा होम डिलीवरी भी शुरू कर दी गई है।

तेल कंपनियों द्वारा अस्पतालों एवं सरकारी संस्थानों को वाणिज्यिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति भी प्रारंभ कर दी गई है। जिला प्रशासन लगातार गैस वितरक कंपनियों के संपर्क में है ताकि समय पर आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।

आज तक कुल 51 एजेंसियों में से 38 की जांच की जा चुकी है, जबकि 78 होटलों एवं अन्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की गई है। समाहरणालय स्थित जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय में गैस आपूर्ति की निगरानी के लिए नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जिसका दूरभाष नंबर 06473-224005 है। आज 25 मार्च को नियंत्रण कक्ष में 7 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनका त्वरित निष्पादन कर दिया गया।

प्रशासन ने अनियमितताओं पर सख्त कार्रवाई करते हुए कई मामलों में प्राथमिकी दर्ज कराई है। बसंतपुर में घरेलू गैस का व्यावसायिक उपयोग करने पर राजरानी होटल के मालिक सुनील कुमार ठाकुर के खिलाफ वीरपुर थाना में मामला दर्ज किया गया।

वहीं सरायगढ़-भपटियाही में अवैध भंडारण और कालाबाजारी के आरोप में आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। राघोपुर में मेसर्स रत्ना इंडेन ग्रामीण वितरक के यहां 122 सिलेंडर कम पाए जाने पर करजाईन थाना में मामला दर्ज किया गया है।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वर्तमान स्टॉक और आपूर्ति के आधार पर जिले में गैस की स्थिति सामान्य है और किसी तरह की कमी की संभावना नहीं है। उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे घबराकर अतिरिक्त सिलेंडर न लें और गैस एजेंसियों के गोदामों पर भीड़ न लगाएं। सभी को समय पर होम डिलीवरी के माध्यम से गैस उपलब्ध कराई जाएगी।

कोई टिप्पणी नहीं