सुपौल। आगामी ईद और रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को राघोपुर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता वीरपुर एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार ने की। इस दौरान थानाध्यक्ष अमित कुमार राय सहित क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
बैठक में रामनवमी समिति एवं ईद कमेटी के अध्यक्षों और सदस्यों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था। दोनों समुदायों के प्रतिनिधियों ने बारी-बारी से अपने विचार रखे और आपसी भाईचारे एवं सहयोग के साथ पर्व मनाने की प्रतिबद्धता जताई।
एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार ने कहा कि दोनों पर्वों को शांति और सौहार्द के साथ मनाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्देश दिया कि रामनवमी के जुलूस निर्धारित मार्गों के अनुसार ही निकाले जाएं और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन किया जाए। साथ ही जुलूस के दौरान डीजे के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा तथा किसी भी प्रकार के अश्लील या भड़काऊ भोजपुरी गीत बजाने की अनुमति नहीं होगी।
उन्होंने यह भी कहा कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर प्रशासन की कड़ी नजर रहेगी और ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने बताया कि रामनवमी जुलूस एवं ईद की नमाज के दौरान संवेदनशील स्थलों पर पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। दंडाधिकारी के साथ पर्याप्त संख्या में पुलिस कर्मियों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जाएगी, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
एसडीपीओ ने आम लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत डायल 112 या स्थानीय थाना पुलिस को दें, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
बैठक के अंत में सभी उपस्थित लोगों से अपील की गई कि पर्व-त्योहार को मिलजुलकर, शांतिपूर्ण और भाईचारे के माहौल में मनाएं।
इस अवसर पर प्रो कमल यादव, शैलेन्द्र सिंह, प्रो बैद्यनाथ भगत, अताउर रहमान, मनीष भगत, संत अमरजीत, भूपेंद्र यादव, अभिनंदन दास, सागर यादव, राजेश गुप्ता, ललित कुमार, चंदू दास, दिलीप पूर्वे, प्रमोद साह, विजय कुमार, नूर आलम, रामचन्द्र भगत, मो. अब्बास, सुभाष यादव, नरेंद्र यादव, रामेश्वर यादव, राधेश्याम भगत, बबलू सादा, गीता देवी, विक्की भगत, रिंकू भगत, कुंदन जायसवाल, शुभम साह, मो. अकरम, अमित कुमार सहित दर्जनों गणमान्य नागरिक मौजूद

कोई टिप्पणी नहीं