Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Classic Header

{fbt_classic_header}

Breaking News

latest

त्रिवेणीगंज : भीषण सड़क हादसा में स्कॉर्पियो–मोटरसाइकिल टक्कर में एक युवक की मौत, एक घायल



सुपौल। एनएच-327ई स्थित त्रिवेणीगंज–पिपरा मुख्य मार्ग पर मंगलवार की देर संध्या एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना लालपट्टी वार्ड 17 स्थित अनुमंडलीय अस्पताल के समीप हुई, जहां स्कॉर्पियो और मोटरसाइकिल की आमने-सामने टक्कर हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि मोटरसाइकिल सवार दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और अस्पताल परिसर में लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत अनुमंडलीय अस्पताल त्रिवेणीगंज में भर्ती कराया गया।

ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. उमेश कुमार मंडल ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें सदर अस्पताल सुपौल रेफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान नगर परिषद क्षेत्र के बघला वार्ड 9 निवासी सुरेंद्र राम के 18 वर्षीय पुत्र अमित कुमार के रूप में हुई है। वहीं घायल युवक की पहचान बभनगामा वार्ड 11 निवासी छेदी साह के 25 वर्षीय पुत्र कृष्ण कुमार के रूप में की गई है, जिसका इलाज जारी है।

बताया जा रहा है कि दोनों युवक त्रिवेणीगंज बाजार से आवश्यक कार्य कर मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उन्हें टक्कर मार दी। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो (बीआर 11एच 2610) का पीछा कर उसे एनएच-327ई पर लछमीनिया टोल प्लाजा के समीप पकड़ लिया। चालक को हिरासत में ले लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

कोई टिप्पणी नहीं