सुपौल। अक्षयवट बुजुर्ग महासंघ के तत्वावधान में स्वयंसेवी संस्था HelpAge India के सहयोग से बसंतपुर प्रखंड के संस्कृत निर्मली स्थित बुजुर्ग संसाधन केंद्र में भव्य फूलों की होली समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सुपौल जिले के प्रतापगंज, बसंतपुर, राघोपुर और छातापुर प्रखंड के हजारों बुजुर्गों ने भाग लिया।
समारोह को लेकर बुजुर्गों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। ढोल-मंजीरे की थाप पर झूमते-गाते बुजुर्ग कार्यक्रम स्थल तक पहुंचे, जिससे पूरा वातावरण होली के रंग और उमंग में सराबोर हो गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महासंघ के अध्यक्ष सीताराम मंडल ने की। शुभारंभ संतोष झा, मुरारी और त्रिपुरारी के स्वागत गान से हुआ। इसके बाद आगत अतिथियों का पाग, अंगवस्त्र एवं माला पहनाकर पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया।
इस अवसर पर जिप सदस्य अर्चना मेहता उर्फ किरण कुशवाहा, हेल्पेज इंडिया के मिशन हेड गिरीश चंद्र मिश्र, बिहार राज्य प्रभारी आलोक कुमार वर्मा, बिहार एवं झारखंड राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी अभिषेक कुमार, महासंघ की सचिव कंचन देवी, कोषाध्यक्ष बच्चेलाल मंडल, आचार्य रामविलास मेहता एवं समाजसेवी सुशील मेहता सहित अन्य अतिथियों ने बुजुर्गों के साथ फूलों की होली खेली।
अतिथियों ने अपने संबोधन में बुजुर्गों से संगठित होकर आगे बढ़ने की अपील की। संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि अब जीविका से जुड़कर बुजुर्ग स्वयं सहायता समूहों को आगे बढ़ाया जाएगा। साथ ही भविष्य की जरूरतों को देखते हुए प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम का मंच संचालन विजय कुमार मिश्र ने किया। फूलों की होली के पश्चात सामूहिक भोज का आयोजन किया गया, जिसमें जाति-पांति और धर्म से ऊपर उठकर सभी ने एक पंक्ति में बैठकर भोजन किया। इस दृश्य ने सामाजिक समरसता और एकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम की सफलता में ज्योतिष कुमार झा, राजीव झा, राजकुमार मिश्र, नूर आलम, प्रकाश कुमार, मु. हासिम, बालगोविंद मेहता, दिनेश ठाकुर, रामजी शर्मा, सियाराम मालाकार सहित संस्था के सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं बुजुर्गों का सराहनीय योगदान रहा।

कोई टिप्पणी नहीं