सुपौल। वीरपुर नगर पंचायत कार्यालय परिसर में बुधवार को महिला दिवस के अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें नगर क्षेत्र की आजीविका से जुड़ी महिलाओं के बीच प्रशस्ति पत्र, पौधा एवं सेनेटरी नैपकिन का वितरण किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य पार्षद सुशील कुमार एवं कार्यपालक पदाधिकारी देवर्षि रंजन ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित जागरूकता स्टॉल भी लगाए गए। इन स्टॉलों में वृद्धा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, विधवा पेंशन योजना, मुख्यमंत्री रोजगार योजना, पीएम स्ट्रीट वेंडर योजना, होल्डिंग एवं संपत्ति कर सहित अन्य योजनाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कार्यपालक पदाधिकारी देवर्षि रंजन ने कहा कि महिला दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित करना है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन से महिलाओं का मनोबल बढ़ता है और उन्हें समाज में अपनी भूमिका को समझने का अवसर मिलता है।
उन्होंने यह भी बताया कि पिछले एक सप्ताह से वीरपुर नगर पंचायत द्वारा लगातार विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, जिसके माध्यम से महिलाओं को जागरूक किया जा रहा है और समाज में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया जा रहा है।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं