सुपौल। पिपरा प्रखंड क्षेत्र के अमहा, कटैया माहे एवं ठाढ़ी भवानीपुर पंचायतों में पैक्स चुनाव कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया। पूरे मतदान के दौरान कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली, जिससे प्रशासन ने राहत की सांस ली।
मतदान सुबह 7:00 बजे से शुरू हुआ और प्रारंभ से ही विभिन्न बूथों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गईं। मतदाताओं ने उत्साहपूर्वक अपने मताधिकार का प्रयोग किया। खासकर महिला एवं युवा मतदाताओं की उल्लेखनीय भागीदारी देखने को मिली, जो लोकतंत्र के प्रति जागरूकता का संकेत है।
चुनाव को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण बनाने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। प्रखंड प्रशासन के पदाधिकारी लगातार विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण करते रहे और सुरक्षा व्यवस्था पर पैनी नजर बनाए रखी।
शांतिपूर्ण मतदान संपन्न होने के बाद अब सभी की निगाहें मतगणना पर टिकी हैं। जानकारी के अनुसार, मतों की गिनती बुधवार रात 8:00 बजे से प्रखंड परिसर स्थित निर्वाचन भवन में शुरू की जाएगी।

कोई टिप्पणी नहीं