Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Classic Header

{fbt_classic_header}

Breaking News

latest

बसंतपुर : शैक्षणिक परिभ्रमण के लिए छात्रों की बस को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना



सुपौल। मुख्यमंत्री शिक्षा दर्शन योजना के तहत बसंतपुर प्रखंड के भगवानपुर पंचायत स्थित मध्य विद्यालय भगवानपुर एवं मध्य विद्यालय साहेवान के छात्र-छात्राओं को शुक्रवार को शैक्षणिक भ्रमण के लिए मधुबनी जिले के मिथिला हाट के लिए रवाना किया गया। इस अवसर पर भगवानपुर में जिला परिषद सदस्य अर्चना मेहता उर्फ किरण कुशवाहा तथा साहेवान में मुखिया चंदन राम ने बस को हरी झंडी दिखाकर छात्रों को शुभ यात्रा की कामना की।

शैक्षणिक परिभ्रमण में मध्य विद्यालय भगवानपुर से 70 तथा मध्य विद्यालय साहेवान से 45 छात्र-छात्राएं शामिल हुए। विद्यालय परिसर में भ्रमण को लेकर बच्चों में काफी उत्साह देखा गया और उनके चेहरे पर खास खुशी झलक रही थी।

प्रधानाचार्य प्रभाष कुमार प्रभात ने बताया कि परिभ्रमण का मुख्य उद्देश्य बच्चों को कक्षा के बाहर भी व्यावहारिक ज्ञान उपलब्ध कराना है, ताकि वे वैज्ञानिक एवं पर्यावरणीय स्थलों को नजदीक से देखकर समझ सकें। इससे बच्चों का मानसिक और बौद्धिक विकास होता है। उन्होंने बताया कि भ्रमण के दौरान छात्र-छात्राएं मिथिला हाट के विभिन्न स्थलों का अवलोकन करेंगे। वापसी के क्रम में बच्चों को अटल महासेतु का भी भ्रमण कराया जाएगा।

जिप सदस्य अर्चना मेहता उर्फ किरण कुशवाहा और मुखिया चंदन राम ने कहा कि मुख्यमंत्री परिभ्रमण योजना बच्चों के बौद्धिक विकास में काफी सहायक है। इससे उनमें नई चीजें सीखने की जिज्ञासा बढ़ती है तथा मानसिक और शैक्षणिक विकास होता है। उन्होंने कहा कि ऐसे शैक्षणिक भ्रमण से बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ता है और उन्हें शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक विरासत को समझने का अवसर मिलता है।

उन्होंने छात्रों से मन लगाकर पढ़ाई करने और भ्रमण के दौरान नई जानकारियां प्राप्त करने की अपील की। साथ ही शिक्षकों से बच्चों की सुरक्षा और मार्गदर्शन पर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया। इस मौके एचएम प्रभाष कुमार प्रभात, अजय कुमार शर्मा, परमानंद कुमार साह, दीपक कुमार, रूपम कुमारी, सरिता कुमारी, सचिव ललित कुमारी मेहता समेत अन्य लोग मौजूद थे।

कोई टिप्पणी नहीं