सुपौल। ईरान और इजरायल के बीच जारी तनाव की खबरों के बीच भीमनगर और वीरपुर क्षेत्र में पेट्रोल-डीजल की कीमत बढ़ने और पेट्रोल खत्म होने की अफवाह फैल गई। इस अफवाह के बाद भारत-नेपाल सीमावर्ती क्षेत्र भीमनगर और वीरपुर के पेट्रोल पंपों पर गुरुवार सुबह से ही लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
सुबह से ही बड़ी संख्या में वाहन चालक पेट्रोल पंपों पर पहुंचकर अपने वाहनों का टैंक फुल कराने लगे। कई लोग डिब्बों और बोतलों में भी पेट्रोल भराते नजर आए, जिससे पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लग गईं और कुछ समय के लिए अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई।
सोशल मीडिया पर यह दावा किया जा रहा था कि ईरान-इजरायल युद्ध के कारण कच्चे तेल की आपूर्ति प्रभावित हो सकती है और आधी रात से पेट्रोल-डीजल के दाम में भारी बढ़ोतरी होगी। इसी खबर के फैलते ही लोगों ने एहतियात के तौर पर ईंधन जमा करना शुरू कर दिया।
इस संबंध में वीरपुर के एसडीएम नीरज कुमार ने स्पष्ट किया कि पेट्रोल-डीजल की कमी को लेकर फैलाई जा रही खबर पूरी तरह से अफवाह है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के किसी भी पेट्रोल पंप पर पेट्रोल, डीजल या गैस की कोई कमी नहीं है। सभी पंपों पर पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध है और आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है। एसडीएम ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से पेट्रोल पंपों पर भीड़ न लगाएं। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

कोई टिप्पणी नहीं