सुपौल। जिले में मिशन परिवार विकास अभियान के अंतर्गत शुक्रवार 06 मार्च 2026 को सिविल सर्जन की अध्यक्षता में परिवार नियोजन पखवाड़ा मेला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी सह नोडल परिवार कल्याण डॉ. ए. एस.पी. सिन्हा, सदर अस्पताल की अधीक्षक डॉ. नूतन वर्मा, जिला योजना समन्वयक सह प्रभारी जिला कार्यक्रम प्रबंधक बालकृष्ण चौधरी, जिला सामुदायिक उत्प्रेरक अभिषेक कुमार, अस्पताल प्रबंधक अभिनव आनंद, परिवार कल्याण परामर्शी उजाला सिन्हा, पिरामल स्वास्थ्य के जिला प्रतिनिधि चंदन कुमार तथा PSI इंडिया के जिला प्रतिनिधि राजीव कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर परिवार नियोजन से जुड़े विभिन्न उपायों की जानकारी देने के लिए विशेष स्टॉल लगाए गए, जहां आमजनों को विस्तार से परामर्श दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि जिले में कुल प्रजनन दर (TFR) को घटाकर 2 तक लाने और परिवार नियोजन के लक्ष्यों को प्राप्त करने के उद्देश्य से 06 मार्च से 20 मार्च तक जिले के सभी प्रखंडों में परिवार नियोजन पखवाड़ा चलाया जा रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि होली और ईद जैसे पर्व के कारण इस माह बड़ी संख्या में बाहर काम करने वाले लोग अपने घर आते हैं, जिससे छूटे हुए योग्य दंपतियों तक परिवार नियोजन सेवाएं पहुंचाने का अच्छा अवसर मिलता है। कार्यक्रम में लोगों को छोटा परिवार रखने के फायदे और बच्चों के बीच उचित अंतराल बनाए रखने के महत्व के बारे में जागरूक किया गया।
मेले में महिला बंध्याकरण, पुरुष नसबंदी, पीपीआईयूसीडी, कंडोम, इमरजेंसी पिल, अंतरा और छाया जैसे परिवार नियोजन के अस्थायी और स्थायी उपायों की जानकारी दी गई। साथ ही सरकार द्वारा दी जाने वाली प्रोत्साहन राशि के बारे में भी बताया गया। पुरुष नसबंदी कराने पर लाभार्थी को 3000 रुपये तथा उत्प्रेरक को 400 रुपये, जबकि महिला बंध्याकरण के लिए प्रसव के बाद 3000 रुपये और गर्भपात उपरांत 2000 रुपये की राशि दी जाती है।
कार्यक्रम के दौरान एएनएम स्कूल की छात्राओं ने नाटक के माध्यम से भी लोगों को परिवार नियोजन और मातृ-शिशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया। अधिकारियों ने बताया कि जिले के सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों पीएचसी, सीएचसी, एसडीएच और जिला अस्पताल में परिवार नियोजन की सेवाएं निःशुल्क उपलब्ध हैं। लाभार्थी अपने क्षेत्र की आशा या एएनएम से संपर्क कर इन सेवाओं का लाभ ले सकते हैं। कार्यक्रम में सदर अस्पताल सुपौल के ब्रेड ए नर्स सहित सभी स्वास्थ्यकर्मी मौजूद थे।

कोई टिप्पणी नहीं