सुपौल। जिलाधिकारी सावन कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय वेश्म में मनरेगा योजना की प्रगति को लेकर समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में निदेशक एनईपी डीआरडीए सुपौल, डीपीओ मनरेगा, कार्यपालक अभियंता मनरेगा, सहायक अभियंता मनरेगा तथा जिले के सभी कार्यक्रम पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने मनरेगा से जुड़े विभिन्न कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। डीएम ने सभी कार्यक्रम पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि मनरेगा जॉब कार्ड धारियों का ई-केवाईसी कार्य शत-प्रतिशत पूरा कराया जाए। साथ ही मनरेगा के तहत चल रहे कार्यों की पूर्णता में तेजी लाने पर भी जोर दिया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिन पंचायतों में अभी तक खेल मैदान का निर्माण नहीं हुआ है, वहां शीघ्र स्थल चिन्हित कर निर्माण कार्य शुरू किया जाए। इसके अलावा मानव दिवस सृजन में निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप उपलब्धि हासिल करने के लिए भी अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया गया।
बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि ग्रामीण विकास विभाग द्वारा चिन्हित ग्रामीण हाट के अतिरिक्त अन्य संभावित स्थलों की पहचान की जाए। साथ ही भारत सरकार द्वारा अधिसूचित वीबी-जीआरएएमजी योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा गया, ताकि अधिक से अधिक लोगों को योजना की जानकारी मिल सके और उसका लाभ मिल सके।
जिलाधिकारी ने सभी कार्यक्रम पदाधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और गति बनाए रखने का निर्देश देते हुए कहा कि मनरेगा के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन और विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाए।

कोई टिप्पणी नहीं