सुपौल। समाहरणालय स्थित लहटन चौधरी सभागार में गुरुवार को जिलाधिकारी सावन कुमार की अध्यक्षता में जिला शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी जिला स्थापना दिवस, बिहार दिवस, ईद-उल-जोहा (ईद) और रामनवमी पर्व को लेकर आवश्यक विचार-विमर्श किया गया।
जिलाधिकारी ने बताया कि इस वर्ष 14 मार्च 2026 को जिला स्थापना दिवस, 21 मार्च 2026 को ईद-उल-जोहा, 22 मार्च 2026 को बिहार दिवस तथा 27 मार्च 2026 को रामनवमी मनाई जाएगी। इन सभी पर्वों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने के लिए प्रशासन पूरी तरह से सतर्क रहेगा।
बैठक में सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी तथा नगर परिषद और नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे। वहीं जिला शांति समिति के सदस्य भी बैठक में उपस्थित रहे और उन्होंने पुलिस प्रशासन से पर्व के दौरान चौकसी बढ़ाने का अनुरोध किया।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों को पर्व के दौरान विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। साथ ही ईद और रामनवमी के अवसर पर डीजे के प्रयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का भी निर्देश दिया गया, ताकि शांति और सौहार्द बना रहे।
प्रशासन ने उम्मीद जताई कि विगत वर्षों की तरह इस वर्ष भी सभी पर्व आपसी भाईचारे और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न होंगे।
बैठक में पुलिस अधीक्षक, पुलिस उपाधीक्षक, अपर समाहर्ता (राजस्व), अपर समाहर्ता (आपदा), जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (आईसीडीएस) सहित अन्य वरीय अधिकारी एवं शांति समिति के सदस्य मौजूद

कोई टिप्पणी नहीं