सुपौल। पिपरा प्रखंड क्षेत्र में एलपीजी गैस की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था का जायजा लेने के लिए गुरुवार को प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी अरविन्द कुमार ने विभिन्न गैस एजेंसियों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रमिला एचपी गैस एजेंसी, खुशी इंडेन ग्रामीण वितरण, सारिका इंडेन ग्रामीण वितरण समेत अन्य एजेंसियों के गोदामों की जांच कर गैस सिलेंडरों के स्टॉक का मिलान किया।
निरीक्षण के दौरान प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी ने बताया कि गैस सिलेंडर की बुकिंग प्रक्रिया में सर्वर की समस्या के कारण उपभोक्ताओं को परेशानी हो रही है। कई बार ओटीपी नहीं गिरने से बुकिंग नहीं हो पा रही है, लेकिन सर्वर ठीक होने के बाद यह समस्या दूर हो जाएगी। उन्होंने बताया कि जिन उपभोक्ताओं ने पहले से बुकिंग कर रखी है, उन्हें गैस सिलेंडर मिल रहा है और प्रखंड क्षेत्र में गैस की कोई किल्लत नहीं है।
उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों को लेकर पूरे देश में 7 मार्च से एलपीजी गैस सिलेंडर की कमी की अफवाह फैल रही है, जबकि वास्तविकता यह है कि गैस की पर्याप्त उपलब्धता है। लोगों को अफवाहों पर ध्यान नहीं देना चाहिए।
इस बीच 14.2 किलोग्राम के घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये की वृद्धि की गई है। साथ ही गैस रिफिलिंग की बुकिंग की न्यूनतम अवधि 15 दिन से बढ़ाकर 25 दिन कर दी गई है। इसके अलावा आवश्यक सेवा अनुरक्षण अधिनियम (ESMA) के अंतर्गत एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति को भी शामिल किया गया है।
प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी अरविन्द कुमार ने बताया कि एलपीजी गैस सिलेंडर की बुकिंग मोबाइल से ऑनलाइन या गैस एजेंसी पर जाकर कराई जा सकती है। बुकिंग के बाद प्राप्त ओटीपी के माध्यम से गैस सिलेंडर का उठाव किया जा सकता है, जो एक सरल और सुविधाजनक प्रक्रिया है।
उन्होंने बताया कि अफवाहों के कारण उपभोक्ताओं में गैस सिलेंडर की मांग में असामान्य वृद्धि देखी जा रही है, जिससे कुछ वितरकों के पास अस्थायी रूप से स्टॉक खत्म हो जाता है। हालांकि बॉटलिंग प्लांट से नियमित आपूर्ति हो रही है और जल्द ही स्टॉक की पूर्ति भी कर दी जाती है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि वर्तमान में एलपीजी गैस का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आपूर्ति संकट की कोई संभावना नहीं है। जिले में गैस की आपूर्ति सुचारू बनाए रखने तथा कालाबाजारी और जमाखोरी को रोकने के लिए सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, थाना अध्यक्ष और संबंधित अधिकारी लगातार उठाव एवं वितरण की निगरानी कर रहे हैं। अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

कोई टिप्पणी नहीं