सुपौल। सदर प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत मोहनिया चौक से बेला गांव होते हुए बिना गांव को जोड़ने वाली जर्जर सड़क के निर्माण की मांग को लेकर गुरुवार को युवा कांग्रेस के बिहार प्रदेश सचिव सह जन संघर्ष समिति के अध्यक्ष लक्ष्मण कुमार झा के नेतृत्व में ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने जिला पदाधिकारी को संबोधित एक ज्ञापन सौंपकर सड़क के जल्द निर्माण की मांग की।
इस मौके पर लक्ष्मण कुमार झा ने कहा कि मोहनिया चौक से बेला गांव होते हुए बिना गांव तक जाने वाली सड़क की स्थिति काफी दयनीय हो चुकी है। उन्होंने कहा कि इस सड़क के निर्माण को लेकर वे पिछले 5 से 7 वर्षों से लगातार संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई है।
उन्होंने बताया कि पहले भी ग्रामीण कार्य विभाग के अधिकारियों द्वारा सड़क का निरीक्षण किया गया था और जल्द निर्माण का आश्वासन दिया गया था, लेकिन वर्षों बीत जाने के बाद भी सड़क की हालत जस की तस बनी हुई है। उन्होंने कहा कि इस समस्या को लेकर कई बार जिला पदाधिकारी को ज्ञापन भी सौंपा गया, फिर भी अब तक सड़क निर्माण का कार्य शुरू नहीं हो सका है।
लक्ष्मण कुमार झा ने कहा कि जल्द ही मुख्यमंत्री की समृद्धि यात्रा सुपौल आने वाली है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मिलने के लिए समय मांगा है। यदि उन्हें मिलने का अवसर मिलता है तो वे सीधे मुख्यमंत्री को इस समस्या से अवगत कराते हुए सड़क के जल्द निर्माण की मांग करेंगे। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि मिलने का समय नहीं दिया गया तो वे अपने समर्थकों के साथ समृद्धि यात्रा का विरोध करेंगे और इसे ढकोसला यात्रा साबित करेंगे। उन्होंने कहा कि जब तक सड़क का निर्माण नहीं हो जाता, तब तक उनका संघर्ष लगातार जारी रहेगा। मौके पर शंकर कुमार, दिलीप कुमार पंकज, मनु कुमार, अनंत सदा, राना साद, मिथिलेश सदा, अनिल यादव, पप्पू कुमार, संबल कुमार और राजन कुमार सहित कई ग्रामीण मौजूद थे।

कोई टिप्पणी नहीं