सुपौल। बिहार राज्य भूमि सुधार कर्मचारी संघ संयुक्त संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर जिले के राजस्व कर्मचारियों ने बुधवार को अपनी विभिन्न मांगों को लेकर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। धरना के बाद कर्मचारियों ने उपमुख्यमंत्री सह राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री के नाम जिला पदाधिकारी के माध्यम से ज्ञापन सौंपा।
कर्मचारियों ने बताया कि उनकी लंबे समय से लंबित मांगों पर सरकार या विभागीय स्तर से अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है, जिससे कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। उन्होंने कहा कि राज्यभर में राजस्व कर्मचारियों द्वारा चलाया जा रहा अनिश्चितकालीन सामूहिक अवकाश 11 मार्च को एक माह पूरा कर चुका है, लेकिन अब तक समाधान की दिशा में कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाया गया है।
राजस्व कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष अजय कुमार ने कहा कि सरकार ने राजस्व कर्मचारी के पद की न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता बढ़ाकर स्नातक कर दी है और नई नियमावली भी लागू कर दी है। इसके बावजूद कर्मचारियों को अब भी इंटर स्तर के लेवल-2 (1900 ग्रेड-पे) में ही रखा गया है। उन्होंने मांग की कि जब योग्यता और जिम्मेदारियां बढ़ाई गई हैं तो कर्मचारियों को कम से कम लेवल-5 (2800 ग्रेड-पे) का वेतनमान दिया जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि कर्मचारियों को कार्यालय में बैठकर काम करने के निर्देश तो दिए जाते हैं, लेकिन बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई जातीं। कलम, कागज, पीने के पानी जैसी सामान्य जरूरतों से लेकर खतियान और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों को सुरक्षित रखने के लिए अलमारी तक की व्यवस्था कर्मचारियों को अपनी जेब से करनी पड़ती है, जिससे कार्य में कठिनाई होती है।
संघ के जिला सचिव विकास कुमार पाठक ने बताया कि राजस्व कर्मचारियों को फील्ड स्तर पर व्यापक कार्य करना पड़ता है। अंचल कार्यालय से पंचायतों तक नियमित रूप से जाकर स्थल जांच करनी पड़ती है और उसी आधार पर जांच प्रतिवेदन तैयार किया जाता है। कई पंचायतें अंचल मुख्यालय से 20 से 30 किलोमीटर दूर स्थित हैं, जिससे कर्मचारियों को लंबी दूरी तय करनी पड़ती है।
उन्होंने बताया कि विभाग की ओर से ईंधन या यात्रा व्यय की कोई व्यवस्था नहीं है, इसलिए कर्मचारियों को अपने निजी खर्च से ही वाहन और ईंधन की व्यवस्था करनी पड़ती है। कर्मचारियों ने सरकार से ईंधन भत्ता, आवश्यक कार्यालयी उपस्कर उपलब्ध कराने, ग्रेड-पे में वृद्धि करने तथा गृह जिले से अधिक दूरी पर पदस्थापन नहीं करने की मांग की है।
धरना-प्रदर्शन में विकास कुमार पाठक, मुकेश कुमार, अजय कुमार, दीपक कुमार पासवान, मनीष कुमार, सुधीर कुमार, अभिनंदन कुमार, राहुल कुमार, रंजीत कुमार, अरविंद बैठा, उत्तम कुमार और दिलीप कुमार सहित कई कर्मचारी मौजूद थे।

कोई टिप्पणी नहीं