सुपौल। जिला पदाधिकारी सावन कुमार की अध्यक्षता में जिले में एलपीजी गैस के सुचारू वितरण की समीक्षा को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी एलपीजी गैस डिस्ट्रीब्यूटर एवं तेल कंपनियों के क्षेत्रीय प्रबंधकों ने भाग लिया। इस दौरान अपर समाहर्ता सच्चिदानंद सुमन और जिला आपूर्ति पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
बैठक में समीक्षा के दौरान पाया गया कि वर्तमान समय में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों की कोई कमी नहीं है। हालांकि सिलेंडर की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों के कारण उपभोक्ताओं में अचानक मांग बढ़ गई है। इसके चलते कुछ वितरकों के पास अस्थायी रूप से स्टॉक खत्म हो जा रहा है, लेकिन थोड़े समय बाद ही इसकी पूर्ति हो जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जिले में तत्काल आपूर्ति संकट की कोई संभावना नहीं है।
जिला पदाधिकारी ने सभी गैस एजेंसियों को निर्देश दिया कि पात्र उपभोक्ताओं को निर्धारित नियमों के अनुसार घरेलू एलपीजी गैस की आपूर्ति सुनिश्चित करें। साथ ही गैस एजेंसियों को हर हाल में कालाबाजारी और जमाखोरी रोकने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी भी एजेंसी द्वारा अनियमितता पाई गई तो एजेंसी की अनुज्ञप्ति रद्द करने सहित अन्य विधिक कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने जिले के सभी उपभोक्ताओं से अपील करते हुए कहा कि एलपीजी सिलेंडरों की उपलब्धता सामान्य है, इसलिए घबराकर अतिरिक्त सिलेंडर लेने की आवश्यकता नहीं है। सभी उपभोक्ताओं को नियमानुसार गैस की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी और इसके लिए जिला प्रशासन पूरी तरह तत्पर है।

कोई टिप्पणी नहीं