Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Classic Header

{fbt_classic_header}

Breaking News

latest

LPG आपूर्ति सामान्य, अफवाहों से न घबराएं : जिला प्रशासन

 


सुपौल। जिला जनसंपर्क पदाधिकारी एवं जिला आपूर्ति पदाधिकारी, सुपौल द्वारा बुधवार को गैस सिलेंडर आपूर्ति की वर्तमान स्थिति को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में एलपीजी गैस की उपलब्धता सामान्य है और किसी प्रकार की कमी नहीं है।

बताया गया कि सुपौल जिले में इंडेन, एचपी और भारत गैस की कुल 51 एजेंसियां कार्यरत हैं, जिनसे लगभग 5,10,823 उपभोक्ता जुड़े हुए हैं। गैस मार्केटिंग कंपनियों द्वारा प्रतिदिन करीब 6250 एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति की जा रही है, जिसे बुकिंग के आधार पर उपभोक्ताओं तक पहुंचाया जा रहा है।

प्रशासन ने जानकारी दी कि घरेलू एलपीजी सिलेंडरों के उठाव और वितरण की निगरानी के लिए प्रखंड स्तर पर दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, थाना अध्यक्ष और संबंधित अधिकारी लगातार निगरानी कर रहे हैं। अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में राघोपुर प्रखंड स्थित मेसर्स रत्ना इंडेन ग्रामीण वितरक के गोदाम को अनियमितता के कारण सील कर दिया गया है।

प्रेस वार्ता में बताया गया कि बुधवार तक 16 गैस एजेंसियों सहित विभिन्न होटलों एवं प्रतिष्ठानों की जांच की जा चुकी है और यह कार्रवाई लगातार जारी है। वर्तमान में 51 में से 44 एजेंसियों पर गैस उपलब्ध है, जबकि शेष 7 एजेंसियों पर भी जल्द आपूर्ति होने की संभावना है।

अधिकारियों ने कहा कि हाल के दिनों में गैस की कमी की अफवाहों के कारण मांग में असामान्य वृद्धि हुई है, जिससे कुछ जगहों पर अस्थायी रूप से स्टॉक खत्म हो जा रहा है। हालांकि, आपूर्ति लगातार जारी है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।

जिला प्रशासन ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे घबराकर अतिरिक्त सिलेंडर न लें। जिले में पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और किसी प्रकार के संकट की संभावना नहीं है।

गैस आपूर्ति की निगरानी के लिए समाहरणालय परिसर स्थित जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय में नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। इसका दूरभाष संख्या 06473-224005 है। अब तक 65 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनका समाधान कर दिया गया है।

कोई टिप्पणी नहीं