सुपौल। क्षेत्र की बिजली व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में जदिया पावर सब स्टेशन (पीएसएस) में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की गई है। सोमवार को 10 एमवीए के नए पावर ट्रांसफार्मर को सफलतापूर्वक लोड पर चार्ज कर दिया गया। इसके साथ ही अब जदिया पीएसएस की कुल क्षमता बढ़कर 20 एमवीए हो गई है।
बताया जाता है कि इससे पहले यहां केवल एक 10 एमवीए का ट्रांसफार्मर ही कार्यरत था, जिसके कारण बढ़ते लोड और उपभोक्ताओं की संख्या के दबाव में अक्सर ओवरलोड की स्थिति उत्पन्न हो जाती थी। इसके चलते क्षेत्र में बार-बार ट्रिपिंग और लो-वोल्टेज की समस्या बनी रहती थी।
बिजली विभाग के अनुसार, अप्रैल 2024 तक जदिया पीएसएस की कुल क्षमता 10 एमवीए थी, जो अब अप्रैल 2026 में बढ़कर दोगुनी यानी 20 एमवीए हो गई है। महज दो वर्षों में क्षमता विस्तार का यह कार्य क्षेत्र में विद्युत अधोसंरचना के तेजी से विकास को दर्शाता है।
नए ट्रांसफार्मर के चालू होने से अब बिजली आपूर्ति अधिक स्थिर और संतुलित रहने की उम्मीद जताई जा रही है। खासकर गर्मी के मौसम में, जब बिजली की मांग तेजी से बढ़ती है, तब यह विस्तार उपभोक्ताओं के लिए राहत भरा साबित होगा।
इससे घरेलू उपभोक्ताओं, दुकानदारों, किसानों और छोटे व्यवसायियों को सीधा लाभ मिलेगा। पहले जहां बार-बार बिजली कटौती और वोल्टेज की समस्या से जूझना पड़ता था, वहीं अब स्थिति में उल्लेखनीय सुधार आने की संभावना है।
स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में बिजली आपूर्ति पहले से अधिक भरोसेमंद होगी। वहीं विभागीय अधिकारियों ने बताया कि उपभोक्ताओं को बेहतर सेवा उपलब्ध कराने के लिए आगे भी आवश्यकतानुसार क्षमता विस्तार और सुधार कार्य जारी रहेंगे।

कोई टिप्पणी नहीं