Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Classic Header

{fbt_classic_header}

Breaking News

latest

सड़क हादसे में 21 वर्षीय युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम



सुपौल। करजाईन थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-106 स्थित वायसी चौक डोमराही के समीप रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 21 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार करजाईन वार्ड संख्या 8 निवासी उपेंद्र पासवान के पुत्र श्याम कुमार वीरपुर से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान शाम करीब साढ़े सात बजे वायसी चौक के पास एक ट्रक बैक करने के क्रम में उसकी बाइक से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि श्याम कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए करजाईन पुलिस की मदद से घायल युवक को तत्काल राघोपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया, जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. निलेश प्रधान ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। श्याम कुमार की पत्नी रुकमणी देवी आठ माह की गर्भवती है, वहीं उसकी एक तीन वर्षीय पुत्री शिवानी कुमारी है। घर का बड़ा बेटा होने के कारण पूरे परिवार की जिम्मेदारी उसी पर थी। अब उसके असामयिक निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और उनके भरण-पोषण को लेकर चिंता गहरा गई है।

इस संबंध में करजाईन थाना प्रभारी ललन झा ने बताया कि ट्रक और बाइक की टक्कर में युवक की मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों की मदद से फरार ट्रक और उसके मालिक की पहचान सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से की जा रही है।


कोई टिप्पणी नहीं