सुपौल। एसएसबी 45वीं बटालियन वीरपुर के विभिन्न बीओपी के जवानों ने विशेष अभियान के दौरान बड़ी सफलता हासिल करते हुए नशीली दवाइयां, खाद्य पदार्थ एवं 263 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। इस कार्रवाई में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
एसएसबी 45वीं बटालियन के कमांडेंट गौरव सिंह ने बताया कि विश्वसनीय स्रोत से सीमा क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी की सूचना प्राप्त हुई थी। इसके बाद सीमा चौकियों पर सतर्कता बढ़ाते हुए विशेष पेट्रोलिंग एवं छापेमारी अभियान चलाया गया।
इसी क्रम में शैलेशपुर बीओपी क्षेत्र के जवानों ने बॉर्डर पिलर संख्या 205/8 के समीप एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से 166 नग नशीली दवाइयां बरामद की गईं। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान नेपाल के सप्तरी जिला निवासी अरविंद कुमार यादव के रूप में की गई है। बरामद दवाइयों एवं आरोपी को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद थाना भीमनगर, जिला सुपौल को सुपुर्द कर दिया गया।
वहीं, पिपराही बीओपी क्षेत्र अंतर्गत समदा इलाके में मक्का के खेत में छिपाकर रखे गए मादक पदार्थ की सूचना पर विशेष पेट्रोलिंग दल ने छापेमारी की। तलाशी के दौरान खेत से 9 बोरियों में कुल 263 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। जब्त गांजा को थाना रतनपुरा, जिला सुपौल को आगे की कार्रवाई के लिए सौंप दिया गया।
इस अभियान में एसएसबी के निरीक्षक सामान्य प्रकाश चंद्र झा, उप निरीक्षक नंदलाल, मुख्य आरक्षी दीपक शर्मा के साथ बिहार पुलिस के उप निरीक्षक पंकज कुमार एवं सीमा शुल्क विभाग भीमनगर के मुख्य आरक्षी हरेंद्र कुमार सिंह सहित अन्य जवान शामिल रहे।

कोई टिप्पणी नहीं