सुपौल। जिलाधिकारी सावन कुमार की अध्यक्षता में उनके कार्यालय वेश्म में जिला स्तरीय समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जीविका परियोजना से जुड़े सभी प्रखंडों के प्रखंड परियोजना प्रबंधक एवं जिला परियोजना प्रबंधक उपस्थित रहे।
बैठक का मुख्य उद्देश्य वित्तीय वर्ष 2025-26 के लक्ष्यों की समीक्षा करना तथा आगामी कार्ययोजना एवं रणनीतियों का निर्धारण करना था। इस दौरान जिलाधिकारी ने जीविका के विभिन्न कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि विभिन्न बैंकों के सहयोग से क्रेडिट लिंकेज (03 एवं 04) को प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक जीविका दीदियों को वित्तीय सहायता मिल सके। साथ ही, कस्टम हायरिंग सेंटर के माध्यम से आय बढ़ाने के अवसर सृजित कर समूहों को अधिक लाभ पहुंचाने पर बल दिया गया।
उन्होंने कृषि विभाग के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर जीविका दीदियों को कृषि आधारित गतिविधियों से जोड़ने और उनकी आय में वृद्धि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत सभी लाभार्थी दीदियों को समय पर प्रशिक्षण उपलब्ध कराने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि प्रति सप्ताह कम से कम तीन सफल कहानियां साझा की जाएं, ताकि अन्य दीदियों को प्रेरणा मिल सके और योजनाओं के सकारात्मक प्रभाव का व्यापक प्रचार-प्रसार हो सके।
अंत में जिला प्रशासन, सुपौल द्वारा सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति हेतु समन्वित एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करें।

कोई टिप्पणी नहीं