सुपौल। राघोपुर थाना क्षेत्र के देवीपुर पंचायत अंतर्गत कोरियापट्टी गांव में शनिवार को पुलिस ने चर्चित प्रिंस हत्याकांड में फरार आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए इश्तेहार चिपकाया। इस दौरान पुलिस टीम ने ढोल बजाकर आरोपियों के घरों पर नोटिस चस्पा किया और जल्द आत्मसमर्पण नहीं करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।
पुलिस द्वारा जिन पांच नामजद आरोपियों के घर इश्तेहार लगाया गया, उनमें राजकुमार सादा, राजू सादा, रमेश सादा, दिनेश सादा और सोमन सादा शामिल हैं।
इस संबंध में जानकारी देते हुए एसआई अमिया प्रसून ने बताया कि कांड संख्या 277/25 के तहत दर्ज इस हत्याकांड में सभी आरोपी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
गौरतलब है कि गत 16 जुलाई को किसनपुर थाना क्षेत्र के मधुरा गांव निवासी प्रिंस की राघोपुर थाना क्षेत्र के कोरियापट्टी में निर्मम हत्या कर दी गई थी। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को छिपाने के इरादे से सिर और धड़ को अलग-अलग कर दिया था। बाद में पुलिस ने तिलावे धार से शव के दोनों हिस्सों को अलग-अलग स्थानों से बरामद किया था।
इस सनसनीखेज घटना के बाद पूरे इलाके में भय और आक्रोश का माहौल था। पुलिस अब फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है।

कोई टिप्पणी नहीं