सुपौल। एसएसबी 45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल की सीमा चौकी कुनौली ने नेपाली मुद्रा एवं भारी मात्रा में कॉस्मेटिक सामान के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।
इस संबंध में 45वीं वाहिनी के कमांडेंट गौरव सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर सीमा चौकी कुनौली को सीमा स्तंभ संख्या 223 के समीप नेपाली मुद्रा और कॉस्मेटिक सामान की संभावित तस्करी की जानकारी मिली थी। सूचना के आलोक में उक्त स्थान पर नाका टीम का गठन कर भेजा गया।
नाका ड्यूटी के दौरान जवानों ने भारत से नेपाल की ओर जा रहे दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर पूछताछ एवं तलाशी ली। तलाशी के क्रम में एक व्यक्ति सोनू दास के पास से 30 हजार नेपाली मुद्रा तथा भारी मात्रा में कॉस्मेटिक सामान बरामद किया गया।
बरामद राशि के संबंध में पूछताछ करने पर आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका और न ही संतोषजनक जवाब दे पाया। गिरफ्तार दोनों व्यक्तियों की पहचान सोनू दास (राजविराज, वार्ड संख्या-1) और महेश दास (राजविराज, वार्ड संख्या-8), जिला सप्तरी, नेपाल के रूप में की गई है।
एसएसबी द्वारा जब्त नेपाली मुद्रा, कॉस्मेटिक सामान एवं दोनों आरोपियों को आगे की कार्रवाई के लिए कस्टम कार्यालय कुनौली को सुपुर्द कर दिया गया है।

कोई टिप्पणी नहीं