सुपौल। जिले में एलपीजी गैस उपभोक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी गैस एजेंसियों द्वारा होम डिलीवरी सेवा को प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है। अब उपभोक्ताओं को उनके घर तक गैस सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है, जिससे उन्हें काफी राहत मिल रही है।
होम डिलीवरी व्यवस्था लागू होने के बाद गैस एजेंसियों के कार्यालय एवं गोदामों पर उपभोक्ताओं की भीड़ में उल्लेखनीय कमी आई है। इससे न केवल व्यवस्था अधिक सुगम और व्यवस्थित हुई है, बल्कि पारदर्शिता भी बढ़ी है। उपभोक्ताओं को अब लंबी कतारों में लगने की जरूरत नहीं पड़ रही है, जिससे समय की बचत के साथ बेहतर सुविधा मिल रही है।
जिला प्रशासन ने सभी गैस एजेंसियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे निर्धारित मानकों का पालन करते हुए समयबद्ध एवं सुरक्षित डिलीवरी सुनिश्चित करें। इसके साथ ही कालाबाजारी और किसी भी प्रकार की अनियमितताओं पर कड़ी निगरानी रखने को भी कहा गया है।
प्रशासन की इस पहल से उपभोक्ताओं को राहत मिलने के साथ-साथ गैस वितरण प्रणाली में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।

कोई टिप्पणी नहीं