सुपौल। प्रखंड क्षेत्र के थरबिट्टा बाजार में उर्वरक दुकानों का औचक निरीक्षण किया गया। यह कार्रवाई प्रखंड कृषि पदाधिकारी प्रवीण कुमार एवं एसआई विवेक कुमार के नेतृत्व में जिला पदाधिकारी सुपौल के निर्देश पर की गई। निरीक्षण के दौरान कई उर्वरक दुकानें बंद पाई गईं, जिससे अधिकारियों ने नाराजगी जताई।
निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराना तथा कालाबाजारी पर रोक लगाना था। इस दौरान अधिकारियों ने दुकानों में उपलब्ध उर्वरकों का जायजा लिया और प्वाइंट ऑफ सेल (POS) मशीन के माध्यम से स्टॉक की जांच के साथ-साथ गोदाम का भौतिक सत्यापन भी किया।
अधिकारियों ने यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया कि खाद वितरण में किसी प्रकार की अनियमितता न हो और पात्र किसानों को ही निर्धारित मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराया जाए।
प्रखंड कृषि पदाधिकारी प्रवीण कुमार ने बताया कि क्षेत्र में उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता है और किसानों को किसी भी प्रकार की कमी नहीं होगी। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल अधिकृत दुकानों से ही खाद खरीदें।
दुकानदारों को सख्त निर्देश दिया गया कि वे निर्धारित दर पर ही उर्वरक की बिक्री करें। किसी भी प्रकार की कालाबाजारी या अनियमितता पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई। इस मौके पर किसान सलाहकार विजय कुमार, एसआई विवेक कुमार एवं पुलिस बल के अन्य जवान भी उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं