सुपौल। कोसी क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक के विभागीय निर्देश के तहत किशनपुर बाजार स्थित ग्रामीण बैंक शाखा परिसर में वित्तीय साक्षरता को लेकर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान बैंक प्रांगण में नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर लोगों को बैंकिंग सुरक्षा और नियमों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में प्रस्तुत नाटक के माध्यम से आम लोगों को साइबर धोखाधड़ी, ओटीपी फ्रॉड तथा सुरक्षित बैंकिंग व्यवहार के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इस पहल को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और कार्यक्रम की सराहना की।
इस अवसर पर शाखा प्रबंधक दीपक कुमार ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी खाताधारक अपने बैंक खाते में नॉमिनी का नाम अवश्य दर्ज कराएं, ताकि भविष्य में लेन-देन या किसी आकस्मिक स्थिति में कोई परेशानी न हो।
उन्होंने विशेष रूप से आगाह किया कि यदि कोई व्यक्ति खुद को बैंक कर्मी बताकर फोन पर ओटीपी नंबर मांगता है, तो किसी भी स्थिति में ओटीपी साझा नहीं करें, अन्यथा खाते से राशि निकाली जा सकती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी समस्या के समाधान के लिए सीधे बैंक शाखा में संपर्क करें।
कार्यक्रम के माध्यम से लोगों में वित्तीय जागरूकता बढ़ाने और सुरक्षित बैंकिंग को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।

कोई टिप्पणी नहीं