सुपौल। प्रतापगंज प्रखंड के गोविंदपुर पंचायत में बुधवार देर रात भीषण आग लगने से चार परिवारों के पांच घर जलकर राख हो गए। इस हादसे में करीब ढाई लाख रुपये नकद सहित घर का सारा सामान नष्ट हो गया। साथ ही एक दुधारू गाय, उसका बछड़ा और पांच बकरियां भी आग की चपेट में आकर मर गईं।
पीड़ितों के अनुसार आग लगने के कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है। ग्रामीणों ने बताया कि आग सबसे पहले शुशील मंडल के घर से उठी। रात करीब 11 बजे उनके बेटे ने घर में आग लगी देख शोर मचाया, जिसके बाद परिजन और आसपास के लोग मौके पर जुटे।
देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और शुशील मंडल के साथ-साथ रंजीत मंडल, कृतानंद मंडल और कुंदन मंडल के घरों को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग में नकद राशि, जमीन के कागजात, आधार कार्ड, जेवरात और अनाज समेत सारा सामान जलकर राख हो गया।
सूचना मिलने पर दमकल की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। वीरपुर से भी दमकल की बड़ी गाड़ी देर से पहुंची। ग्रामीणों ने भी आग बुझाने में भरपूर सहयोग किया, जिससे और बड़े नुकसान को टाला जा सका।
इस घटना में सबसे अधिक नुकसान शुशील मंडल को हुआ है, जो रोजी-रोटी के लिए दिल्ली में रहते हैं। उनकी पत्नी रूकमणी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। बेटी की शादी के लिए घर में रखे करीब डेढ़ लाख रुपये नकद, पशुधन, अनाज, जेवरात और जरूरी कागजात सब कुछ जलकर नष्ट हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर अंचल कार्यालय की ओर से राजस्व अधिकारी रिया राज ने बताया कि नुकसान का आकलन करने के लिए कर्मचारी अरुण मंडल को भेजा गया है। उन्होंने आश्वस्त किया कि पीड़ित परिवारों को हर संभव सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

कोई टिप्पणी नहीं