Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Classic Header

{fbt_classic_header}

Breaking News

latest

जब तक आप अपने बच्चों की चिंता नहीं करेंगे तब तक कोई नेता-दल आपके बच्चों की चिंता नहीं करेगा : प्रशांत किशोर


सुपौल। जन सुराज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर सोमवार को सुपौल जिले में पहुंचे। वे ‘बिहार नवनिर्माण अभियान’ के तहत राज्य के विभिन्न जिलों का दौरा कर रहे हैं। इस दौरान वे हर जिले में संगठन के नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर रहे हैं। इसी क्रम में वे आज सुपौल पहुंचे, जहां उन्होंने डिग्री कॉलेज चौक के पास स्थित बैंक्वेट हॉल में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं -कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इस दौरान प्रशांत किशोर ने कहा कि चुनाव परिणाम के बाद जन सुराज के नेताओं ने पश्चिम चंपारण स्थित गांधी भितिहरवा आश्रम में एक दिन का उपवास रखा था। उस समय जन सुराज की ओर से यह घोषणा की गई थी कि बिहार में बनी नई सरकार को अपने वादों को पूरा करने के लिए 6 महीने का समय दिया जाएगा। इसके बाद ‘बिहार नवनिर्माण अभियान’ के तहत जन सुराज के कार्यकर्ता घर-घर जाकर जनता के बीच अपनी बात रखेंगे। पीके ने कहा कि इस अभियान को अगले पांच वर्षों तक प्रभावी ढंग से चलाने के लिए वे हर जिले में जाकर संगठन को पुनर्गठित कर रहे हैं।


वहीं, नीतीश कुमार के राजनीतिक बदलाव पर प्रशांत किशोर ने कहा कि यह हमारे लिए कोई नई खबर नहीं है, जन सुराज ने चुनाव से पहले ही यह बात कही थी कि चुनाव का परिणाम कुछ भी आए, कोई जीते- कोई हारे लेकिन नीतीश कुमार मुख्यमंत्री नहीं रहेंगे। क्योंकि नीतीश कुमार की मानसिक-शारीरिक हालत ठीक नहीं है, तो बिहार के मुख्यमंत्री कैसे बने रह सकते हैं। जनता को धोखा देने के लिए बीजेपी और जेडीयू के दूसरे नेताओं ने नीतीश कुमार को मुखौटे के रूप में इस्तेमाल किया। अब जब सत्ता की चाबी उनके पास आ गई तो नीतीश कुमार को राज्यसभा भेजा जा रहा है। पीके ने कहा कि इसके पीछे दूसरा कारण यह भी है कि नीतीश कुमार को मिला बहुमत लोकप्रियता का बहुमत नहीं है, बल्कि बिहार की जनता को 10 हजार रुपए देकर और इलेक्शन कमीशन के दम पर खरीदा हुआ बहुमत है। वर्ना 202 विधायकों के समर्थन के बाद कोई राज्यसभा का मेंबर नहीं बनेगा। 


प्रशांत किशोर ने आगे कहा कि चुनाव के बाद से बिहार के अलग-अलग शहरों के 50 से ज्यादा मजदूरों की मृत्यु हो गई लेकिन प्रधानमंत्री और अमित शाह का एक भी बयान नहीं आया। क्योंकि बिहार के लोगों को अपने बच्चों की चिंता नहीं है तो नरेंद्र मोदी, नीतीश जी और लालू यादव आपके बच्चों की चिंता क्यों करेंगे? पीके ने कहा कि जन सुराज पिछले 3 साल से घूम-घूम कर यह बात कह रहा है कि जब तक आप अपने बच्चों की चिंता नहीं करेंगे तब तक कोई नेता, कोई दल आपके बच्चे की चिंता नहीं करेगा। किसी को दोष देने से कोई फायदा नहीं है। 10 हजार में आपने वोट बेचा है तो आपकी सरकार ईमानदार नहीं हो सकती। मौके पर जन सुराज के सीनियर लीडर व पू्र्व विधायक किशोर कुमार मुन्ना, तथागत हर्षवर्धन, ललन यादव, अनिल सिंह, नरेश नयन, पूर्व जिला अध्यक्ष इंद्रदेव साह, मजहर आलम, मीनू कुशवाहा, पूर्व महिला जिला अध्यक्ष नीलम सिंह और रीति झा समेत अन्य लोग मौजूद थे।

कोई टिप्पणी नहीं