सुपौल। सुपौल नगर क्षेत्र के निवासियों को जल्द ही पाइपलाइन के माध्यम से गैस (PNG) की सुविधा मिलने वाली है। Bharat Petroleum Corporation Limited (BPCL) द्वारा घर-घर तक पाइपलाइन बिछाने का कार्य शीघ्र शुरू किया जाएगा। इसके लिए भूमि चिन्हित करने का कार्य अंतिम चरण में है। इस योजना के लागू होने के बाद नगर क्षेत्र के लोगों को एलपीजी सिलेंडर की आवश्यकता काफी हद तक समाप्त हो जाएगी।
जिला प्रशासन ने जानकारी दी है कि वैवाहिक कार्यक्रमों में उपयोग के लिए वाणिज्यिक LPG गैस उपलब्ध कराने की भी व्यवस्था की गई है। इच्छुक व्यक्ति संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी के समक्ष आवेदन देकर पंजीकृत रसोईये के माध्यम से तेल कंपनियों से वाणिज्यिक गैस प्राप्त कर सकेंगे।
जिले में वर्तमान में गैस एजेंसियों के पास लगभग 13,264 LPG सिलेंडरों का स्टॉक उपलब्ध है, जबकि 6,885 अतिरिक्त सिलेंडर जल्द प्राप्त होने की संभावना है। 10 अप्रैल को करीब 5,899 उपभोक्ताओं को गैस की आपूर्ति की गई, वहीं अब भी 23,378 उपभोक्ताओं को बुकिंग के अनुसार गैस उपलब्ध करानी बाकी है।
जिले की 51 गैस एजेंसियों में से 45 एजेंसियों पर फिलहाल गैस उपलब्ध है, जबकि शेष 6 एजेंसियों—भूशकुलिया एचपी, उषा जगरनाथ एचपी, मुस्कान एचपी, मुरली इंडेन, रत्ना इंडेन एवं बजरंग भारत गैस—पर जल्द आपूर्ति बहाल होने की उम्मीद है।
प्रशासन द्वारा सघन निगरानी भी की जा रही है। अब तक 21 गैस एजेंसियों की जांच की गई है, जबकि 23 होटलों एवं प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर LPG के उपयोग की जांच की गई। घरेलू गैस के व्यावसायिक उपयोग और कालाबाजारी के आरोप में अब तक तीन प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी हैं।
पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति सामान्य बनाए रखने के लिए भी कार्रवाई जारी है। चार पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण किया गया है और तेल कंपनियों के साथ समन्वय स्थापित कर आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है।
समाहरणालय परिसर स्थित जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय में LPG वितरण की निगरानी के लिए नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जिसका दूरभाष नंबर 06473-224005 है। 11 अप्रैल को यहां कुल 8 शिकायतें/जानकारी संबंधी कॉल प्राप्त हुए, जिनका त्वरित निष्पादन कर दिया गया।
जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि आवश्यक वस्तुओं, LPG गैस, पेट्रोल एवं डीजल की कोई कमी नहीं है। सभी वस्तुओं की आपूर्ति नियमित रूप से की जा रही है। प्रशासन कालाबाजारी और जमाखोरी पर सख्ती से नजर रखे हुए है और आमजन को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।

कोई टिप्पणी नहीं