सुपौल। 45वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल बीरपुर के वाहिनी चिकित्सालय में कमांडेंट गौरव सिंह के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में नि:शुल्क दंत जांच एवं स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य बल कर्मियों एवं उनके परिवारजनों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा दंत स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना था।
शिविर में बीरपुर के दंत चिकित्सक डॉ. सुबोध कुमार ने जवानों, उनके परिवार की महिलाओं एवं बच्चों सहित लगभग 70 लोगों के दांतों की नि:शुल्क जांच की। जांच के उपरांत जरूरतमंद लोगों के बीच आवश्यक दवाइयों का भी नि:शुल्क वितरण किया गया।
इस दौरान डॉ. सुबोध कुमार ने उपस्थित लोगों को दांतों की नियमित सफाई, संतुलित खान-पान एवं दंत रोगों से बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने समय-समय पर दंत जांच कराने तथा स्वच्छता अपनाने के महत्व पर विशेष जोर दिया।
कार्यक्रम में हरजीत राय, राहुल कुमार, निरीक्षक (सामान) रिजवान अहमद, सहायक उप निरीक्षक (मेडिक्स) घनश्याम नाथ, सहायक उप निरीक्षक एस. सोना तांबा समेत वाहिनी के अन्य मेडिकल स्टाफ एवं बलकर्मी मौजूद रहे।
कमांडेंट गौरव सिंह ने कहा कि 45वीं वाहिनी एसएसबी बीरपुर द्वारा समय-समय पर इस प्रकार के जनकल्याणकारी एवं स्वास्थ्य संबंधी कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, ताकि बल कर्मियों एवं उनके परिवारजनों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके।

कोई टिप्पणी नहीं