सुपौल। सदर प्रखंड अंतर्गत हरदी दुर्गा स्थान लोरिक धाम स्थित मां वन दुर्गा मंदिर परिसर में रविवार को हड्डी, नस एवं मांसपेशियों से संबंधित रोगों के लिए एक दिवसीय नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन लोरिक विचार मंच, बीबीसी ट्रस्ट सुपौल एवं प्रोग्रेसिव स्पाइन एंड आर्थोपेडिक क्लीनिक के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
शिविर का उद्घाटन रामविलास कामत ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम का संचालन लोरिक विचार मंच के प्रदेश संयोजक डॉ. अमन कुमार ने किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक रामविलास कामत ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में हड्डी एवं नस संबंधी रोगों की समस्या तेजी से बढ़ रही है। खेतों में काम करने वाले किसान, मजदूर एवं बुजुर्ग सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं। आर्थिक तंगी के कारण समय पर इलाज नहीं मिलने से कई लोग स्थायी अपंगता का शिकार हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर समाज सेवा का अनुकरणीय उदाहरण हैं।
उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का वास होता है। यदि किसान और मजदूर स्वस्थ रहेंगे तो सुपौल ही नहीं, पूरा बिहार समृद्ध होगा। विधायक ने सफल आयोजन के लिए पूरी टीम को बधाई भी दी।
पटना के प्रसिद्ध आर्थोपेडिक चिकित्सक डॉ. पंकज कुमार ने बताया कि शिविर में कुल 478 मरीजों का पंजीकरण हुआ। इनमें 210 मरीज घुटने एवं कमर दर्द, 95 मरीज सर्वाइकल स्पॉन्डिलाइटिस, 68 मरीज साइटिका, 54 मरीज फ्रोजन शोल्डर तथा 51 मरीज अन्य नस एवं मांसपेशियों से जुड़ी समस्याओं से पीड़ित पाए गए। उन्होंने कहा कि बदलती जीवनशैली, कैल्शियम की कमी तथा लंबे समय तक एक ही मुद्रा में काम करना इन बीमारियों का प्रमुख कारण है।
लोरिक विचार मंच के प्रदेश संयोजक डॉ. अमन कुमार ने कहा कि हरदी चौघारा वीर वीर लोरिक की कर्मभूमि रही है। उन्होंने कहा कि वीर लोरिक केवल पराक्रम के प्रतीक नहीं थे, बल्कि जनसेवा और सामाजिक समरसता के भी अग्रदूत थे। उन्हीं के विचारों को आगे बढ़ाते हुए स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया है। उन्होंने युवाओं से नशा छोड़कर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनने और समाज निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
शिविर में बीएमडी जांच, यूरिक एसिड जांच, शुगर जांच, बीपी जांच, फिजियोथेरेपी परामर्श एवं आवश्यक दवाएं नि:शुल्क उपलब्ध कराई गईं। कार्यक्रम में भगवानदत्त यादव, भाई बोधराम, कृष्ण कुमार, शंभू यादव, शशि मंडल, इन्द्रभास यादव, फुलेंद्र यादव एवं सुधीर यादव समेत कई लोग उपस्थित थे।

कोई टिप्पणी नहीं