सुपौल। नदी थाना क्षेत्र के सिसौनी गांव के समीप कोसी नदी में स्नान के दौरान डूबे 8 वर्षीय बच्चे का शव मंगलवार को एनडीआरएफ टीम ने बरामद कर लिया। शव मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार सिसौनी निवासी रुस्तम का 8 वर्षीय पुत्र सजेबुल सोमवार को गांव के अन्य बच्चों के साथ कोसी नदी में स्नान करने गया था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और तेज धार में डूबकर लापता हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने काफी खोजबीन की, लेकिन बच्चे का कोई सुराग नहीं मिल सका।
घटना की सूचना मिलते ही नदी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश अभियान शुरू किया गया। बाद में प्रशासन द्वारा एनडीआरएफ टीम को बुलाया गया। काफी मशक्कत के बाद मंगलवार को घटनास्थल से करीब 10 कदम की दूरी पर बच्चे का शव बरामद कर लिया गया।
बच्चे का शव मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से नदी किनारे सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा लोगों को जागरूक करने की मांग की है।
पूर्व मुखिया सरफराज आलम ने कहा कि कोसी नदी में हर वर्ष इस तरह की घटनाएं सामने आती हैं, इसलिए प्रशासन को सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं से बचा जा सके।
इधर नदी थानाध्यक्ष शिशुपाल रविदास ने बताया कि शव बरामद होने के बाद उसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

कोई टिप्पणी नहीं