Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Classic Header

{fbt_classic_header}

Breaking News

latest

सरायगढ़-भपटियाही : आंधी-तूफान और ओलावृष्टि से भारी तबाही, कई घर क्षतिग्रस्त, फसलों को नुकसान




सुपौल। सरायगढ़-भपटियाही प्रखंड क्षेत्र में सोमवार रात अचानक आई तेज आंधी, तूफान और ओलावृष्टि ने व्यापक तबाही मचा दी। तेज हवाओं के कारण फूस और टीन से बने कई घर क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे प्रभावित परिवारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

आंधी-बारिश के साथ हुई ओलावृष्टि ने किसानों की कमर तोड़ दी है। मक्का, आम, लीची और साग-सब्जी की फसलों को व्यापक नुकसान पहुंचा है। किसानों का कहना है कि इस प्राकृतिक आपदा ने उनकी महीनों की मेहनत पर पानी फेर दिया।

वहीं, तेज आंधी के दौरान एनएच-27 पर पिपराखुर्द पंचायत के समीप एक बड़ा पेड़ गिर गया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। सूचना मिलने पर एनएचआई की टीम मौके पर पहुंची और पेड़ हटाकर आवागमन को बहाल कराया। इसके अलावा छिटही हनुमाननगर पंचायत में भी सड़क पर पेड़ और बिजली के तार गिरने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

आंधी और बारिश के चलते सोमवार शाम करीब साढ़े सात बजे से बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई, जिससे पूरे इलाके में अंधेरा छा गया। करीब 12 घंटे बाद मंगलवार सुबह लगभग 8 बजे बिजली बहाल हो सकी। इस दौरान लोगों को मोबाइल चार्ज करने सहित रोजमर्रा के कामों में भारी परेशानी झेलनी पड़ी। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे कर शीघ्र राहत सामग्री उपलब्ध कराने और क्षति का उचित मुआवजा देने की मांग की है।

कोई टिप्पणी नहीं