सुपौल। रविवार को जन सुराज पार्टी की नई जिला कमेटी की ओर से सम्मान सम्मेलन एवं प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नई कमेटी के पदाधिकारियों ने क्षेत्रीय संगठन प्रभारी इंद्रदेव साह, ओबीसी प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष तपेश्वर भारती, जिला महामंत्री ब्रजेश यादव, महिला जिलाध्यक्ष अनुराधा पासवान, सलाहकार समिति सदस्य धीरेन्द्र कुंवर, मो. दाऊद, व्यवसायिक प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष रंजीत कुमार तथा जिला कोषाध्यक्ष मदन मोहन झा को पाग, माला एवं पार्टी का प्रतीक गमछा पहनाकर सम्मानित किया।
इसके बाद जिलाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह के नेतृत्व में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने की, जबकि संचालन जिला मुख्य प्रवक्ता रीति झा ने किया।
क्षेत्रीय संगठन प्रभारी इंद्रदेव साह ने कहा कि नई कमेटी के माध्यम से जन सुराज अब नए सिरे से संगठनात्मक कार्य शुरू करेगा। उन्होंने कहा कि नई जिला कमेटी पार्टी को मजबूत करने के साथ-साथ आम लोगों की आवाज भी बनेगी।
जिलाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने कहा कि मीडिया के साथ नई कमेटी की यह पहली औपचारिक बैठक है। उन्होंने बताया कि जन सुराज पार्टी जनहित से जुड़े पांच प्रमुख एजेंडों पर काम करेगी। पार्टी के मूलमंत्र “सही सोच, सही लोग और सामूहिक प्रयास” को जमीनी स्तर पर लागू किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जन सुराज आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष करेगी और जरूरत पड़ने पर सड़क से लेकर न्यायालय तक लड़ाई लड़ी जाएगी। साथ ही भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त अभियान चलाने की घोषणा करते हुए कहा कि जिले के भ्रष्ट राजनेताओं, अधिकारियों और माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जाएगी। पुलिस विभाग की तर्ज पर जिले के “टॉप-10 भ्रष्ट पदाधिकारियों” को चिन्हित कर उनके खिलाफ सीबीआई, ईडी, निगरानी एवं अपराध इकाई में शिकायत दर्ज कराने की बात भी कही गई।
जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर “जन सुराज का जनहित समस्या, प्रशासन का समाधान” कार्यक्रम चलाने की घोषणा की गई। इसके तहत प्रतिदिन जिले की एक समस्या को जिला पदाधिकारी के समक्ष उठाया जाएगा तथा समाधान का अनुरोध किया जाएगा। प्रत्येक माह समस्याओं की समीक्षा कर उसका प्रतिवेदन वरीय अधिकारियों को सौंपा जाएगा।
मुख्य प्रवक्ता रीति झा ने कहा कि नई टीम नई ऊर्जा के साथ कार्य करेगी और जनहित के मुद्दों को लेकर मजबूती से आवाज उठाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि संगठन जनता के भरोसे पर खरा उतरेगा।
मौके पर अनिल कुमार झा, चंदन कुमार, संजय कुमार, पिंटू कुमार, मो. शुभान, शिवशंकर कामत, प्रणव सिंह, सुबोध Kumar, अभिषेक कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।

कोई टिप्पणी नहीं