सुपौल। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर टाउन हॉल भवन में कला, संस्कृति एवं युवा विभाग, महिला विकास निगम, समाज कल्याण विभाग बिहार पटना तथा जिला प्रशासन सुपौल के संयुक्त तत्वावधान में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ एमएलसी डॉ. अजय कुमार सिंह, डीएम कौशल कुमार, एसपी शैशव यादव, एडीएम राशिद कलीम अंसारी, डीडीसी सुधीर कुमार, जदयू जिलाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष नरेंद्र ऋषिदेव सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। अतिथियों का स्वागत जीविका दीदियों द्वारा बनाए गए बुके और स्वागत गान से किया गया। मंच संचालन शिक्षिका अर्चना पाठक ने किया, जबकि स्वागत भाषण अनुमंडलीय लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी श्रीति कुमारी ने दिया।
कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 125 महिलाओं और बालिकाओं को प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। इसके बाद महिला सशक्तिकरण विषय पर संगोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें वक्ताओं ने महिला अधिकार, शिक्षा, और आत्मनिर्भरता पर जोर दिया।
एमएलसी अजय कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाओं को सही निर्णय लेने का अधिकार मिलना चाहिए। उन्होंने ऐतिहासिक संदर्भ देते हुए बताया कि पहले महिलाओं को शिक्षा से वंचित रखा जाता था, लेकिन आज महिलाएं हर क्षेत्र में सफलता प्राप्त कर रही हैं।
डीएम कौशल कुमार ने कहा कि महिला सशक्तिकरण को आगे बढ़ाने की जरूरत है। उन्होंने बाल विवाह और लैंगिक भेदभाव पर चिंता व्यक्त की और कहा कि बेटियों की शिक्षा पर भी उतना ही ध्यान दिया जाना चाहिए, जितना बेटों को दिया जाता है।
एसपी शैशव यादव ने महिला शिक्षा पर जोर देते हुए कहा कि यदि एक पुरुष शिक्षित होता है तो सिर्फ एक व्यक्ति शिक्षित होता है, लेकिन जब एक महिला शिक्षित होती है, तो पूरा परिवार शिक्षित होता है। उन्होंने बताया कि जिले के सभी थानों में महिला हेल्पलाइन की स्थापना की गई है, जहां महिला पुलिस कर्मी सहायता के लिए उपलब्ध रहती हैं।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी हुईं। टीसी हाई स्कूल चकला निर्मली की छात्रा रिया बेबी के नेतृत्व में लोक कला आधारित प्रस्तुति दी गई। राघोपुर की स्थानीय कलाकार ने गीत प्रस्तुत किया, जबकि आरएसएम पब्लिक स्कूल की छात्रा आयुषी ठाकुर ने भरतनाट्यम नृत्य किया। निर्मली की चांदनी भारती ने भगैत लोकगीत गाया, वहीं रजनीकांत पब्लिक स्कूल की छात्रा पलक कुमारी ने नृत्य प्रस्तुत किया। इसके अलावा, जीविका दीदियों ने अपने अनुभव साझा किए।
कोई टिप्पणी नहीं